1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. किशोर की हत्या के तीसरे दिन भी फ्रांस में नहीं बुझी हिंसा की आग, 600 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

किशोर की हत्या के तीसरे दिन भी फ्रांस में नहीं बुझी हिंसा की आग, 600 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 30, 2023 08:57 pm IST,  Updated : Jun 30, 2023 08:57 pm IST

फ्रांस में किशोर की हत्या के बाद से हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गृहमंत्री गेराल्ड डारमनिन ने कहा कि पुलिस ने हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में 667 लोगों को हिरासत में लिया है। राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, लगभग 200 पुलिस अधिकारी घायल हुए। राष्ट्रपति मौक्रों ने हालात को संभालने के लिए आपात बैठक की है।

फ्रांस में किशोर की हत्या के विरोध में जारी हिंसा का एक दृश्य- India TV Hindi
फ्रांस में किशोर की हत्या के विरोध में जारी हिंसा का एक दृश्य Image Source : PTI

फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस द्वारा एक किशोर को गोली मारे जाने की घटना के बाद तीसरे दिन भी हिंसा जारी है। सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं और वह दुकानों, मकानों, दफ्तरों व वाहनों को आग के हवाले कर रहे हैं। पुलिस के साथ भी प्रदर्शनकारियों की हिंसक झड़प हुई है। इसमें 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं फ्रांस पुलिस ने 600 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मौक्रों लोगों से लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। 

इसके बावजूद यहां लगातार तीसरे दिन लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक लगाकर सड़कों को अवरूद्ध कर दिया, आगजनी की और पुलिसकर्मियों पर पटाखे फेंके। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें की। गौरतलब है कि मंगलवार को यातायात जांच के दौरान 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं। इस घटना के बाद फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे और जगह-जगह आगजनी की घटनाएं हुईं तथा विरोध प्रदर्शन तीसरी रात भी जारी रहा।

बस डिपो में लगाई आग

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उपनगर क्लिची-सूस-बोइस के सिटी हॉल में आग लगा दी और ऑबर्विलियर्स में एक बस डिपो को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि पेरिस के कई इलाकों में लोगों के समूहों ने सुरक्षा बलों पर पटाखे फेंके। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के 12वें प्रांत के पुलिस थाने पर हमला किया गया, जबकि रिवोली स्ट्रीट, लौवर संग्रहालय के निकट और मध्य पेरिस के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल ‘फोरम डेस हॉलेस’ में कुछ दुकानें लूट ली गईं। उन्होंने बताया कि कि भूमध्यसागरीय बंदरगाह शहर मार्सिले में, पुलिस ने शहर के मध्य में हिंसक समूहों को तितर-बितर करने की कोशिश की। पेरिस पुलिस मुख्यालय के अनुसार विरोध प्रदर्शनों को नियंत्रित करने लिए लगभग 40,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।

मैक्रों ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की

हिंसा के बीच फ्रांस के गृह मंत्री गेराल्ड डारमनिन ने शुक्रवार को हिंसा की घटनाओं की निंदा की। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पूरे फ्रांस में फैल रहे दंगों को रोकने के लिए माता-पिता से अपने किशोरवय बच्चों को घर पर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है। वरिष्ठ मंत्रियों के साथ दूसरी आपात बैठक के बाद, मैक्रों ने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया के जरिये हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। नाहेल की मां मौनिया एम ने ‘फ्रांस 5’ टेलीविजन को बताया कि वह उस पुलिस अधिकारी से बहुत अधिक गुस्सा हैं जिसने उनके इकलौते बच्चे को मार डाला। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे को न्याय मिलना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक पुलिस अधिकारी अपनी बंदूक लेकर हमारे बच्चों पर गोली नहीं चला सकता, हमारे बच्चों की जान नहीं ले सकता। (भाषा)

यह भी पढ़ें

आस्ट्रिया में बंद हुआ 320 साल से संचालित यह दैनिक समाचार पत्र, दुनिया के सबसे पुराने संस्करणों में था शामिल

यूक्रेन युद्ध और वैगनर के विद्रोह से डगमगाया रूस, पुतिन ने पीएम मोदी को फोन कर जेलेंस्की पर की ये बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश