1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. कीव की खनिज संपदा पर चल गया "ट्रंप कार्ड", यूक्रेन-अमेरिका में हुई ये बड़ी डील

कीव की खनिज संपदा पर चल गया "ट्रंप कार्ड", यूक्रेन-अमेरिका में हुई ये बड़ी डील

 Published : Apr 30, 2025 06:43 pm IST,  Updated : Apr 30, 2025 06:43 pm IST

यूक्रेन अमेरिका के साथ बहुप्रतीक्षित खनिज संपदा समझौता करने को तैयार हो गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की पहले इससे इनकार करते रहे हैं। मगर अब वह अमेरिका के साथ समझौते को तैयार हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की और अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप। - India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की और अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

कीवः रूस के खिलाफ युद्ध में अमेरिका की मदद लेने की कीमत अब यूक्रेन को बड़े पैमाने पर चुकानी पड़ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के चलते यूक्रेन अब अमेरिका के साथ उस बहुप्रतीक्षित समझौते पर हस्ताक्षर करने को तैयार हो गया है, जिसे लेकर दोनों देशों में काफी समय से सहमति नहीं बन पा रही थी। ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की पहली मुलाकात के दौरान ही इस मुद्दे पर दोनों देशों में डील होने की उम्मीद थी, मगर तब दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच रूस के साथ युद्ध के मुद्दे पर कड़ी और तीखी बहस हो जाने के बाद यह मामला टल गया था। 

आपको बता दें कि यूक्रेन अब अमेरिका के साथ खनिज समझौता करने को तैयार हो गया है। इसके तहत यूक्रेन को पूर्व में दी गई सैन्य मदद के बदले अब अमेरिका कीव के बहुमूल्य खनिज संपदाओं का दोहन करेगा। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि कीव बुधवार को अमेरिका के साथ बहुप्रतीक्षित खनिज संसाधन समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार है।

वाशिंगटन में मसौदा हो सकता है फाइनल

यूक्रेन के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यूक्रेन बुधवार को वाशिंगटन में अमेरिका के साथ एक ऐतिहासिक खनिज संसाधन समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार है। सूत्रों ने बताया कि अर्थव्यवस्था मंत्री यूलिया स्विरीडेंको समझौते के तकनीकी विवरणों के अंतिम समन्वय के लिए वर्तमान में वाशिंगटन में हैं। उम्मीद है कि यूक्रेनी कैबिनेट बुधवार को समझौते के पाठ को मंजूरी देगी, जिसके बाद इस पर एक अधिकृत सरकारी प्रतिनिधि द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद समझौते को प्रभावी होने से पहले यूक्रेनी संसद में अनुसमर्थन की आवश्यकता होगी। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश