ब्रसेल्स: रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष विराम को लेकर अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम वार्ता होने वाली है। रूस और अमेरिका के बीच वार्ता से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा बयान दे दिया है। जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन संघर्ष विराम समझौते के तहत डोनेत्स्क क्षेत्र के उस बचे हुए 30 प्रतिशत हिस्से से भी पीछे हट जाए, जिस पर अभी यूक्रेन का नियंत्रण है।
'यूक्रेन नियंत्रण वाले क्षेत्रों से पीछे नहीं हटेगा'
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस बीच यह भी कह दिया है कि यूक्रेन अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों से पीछे नहीं हटेगा क्योंकि यह असंवैधानिक है और इससे भविष्य में रूस को फिर से हमला करने में मदद मिल सकती है। जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन चाहते हैं कि संघर्ष विराम समझौते के तहत फिलहाल कीव के कब्जे वाले डोनेत्स्क का शेष 9,000 वर्ग किलोमीटर (3,500 वर्ग मील) क्षेत्र भी रूस के नियंत्रण में दे दिया जाए। दोनों देशों के बीच खासकर इस क्षेत्र पर कब्जे को लेकर कड़ी लड़ाई जारी है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने और क्या कहा?
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने उन्हें बता दिया है कि रूस क्या चाहता है। यदि यूक्रेन इस पर सहमत हो जाता है तो रूस को डोनबास क्षेत्र का लगभग पूरा नियंत्रण मिल जाएगा। यह क्षेत्र यूक्रेन के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र के लिए बहुत अहम माना जाता है। पुतिन लंबे समय से इस पर कब्जा करना चाहते हैं।
ट्रंप ने भी दिया है बड़ा बयान
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शुक्रवार को होने वाली शिखर वार्ता से पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापार की संभावना जताई और कहा कि उन्हें मुलाकात के पहले दो मिनट में ही पता चल जाएगा कि कोई समझौता हो सकता है या नहीं। ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में एक ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए यह बात कही थी। (एपी)
यह भी पढ़ें:
पीएम मोदी सितंबर में UNGA सत्र के लिए जा सकते हैं अमेरिका, ट्रंप से भी हो सकती है बातचीत
मुनीर, बिलावल के बाद अब पाकिस्तान के पीएम शरीफ ने दिखाई बदमाशी, भारत को दी गीदड़भभकी