1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. टीशर्ट और ट्राउजर में ही क्यों नजर आते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की? जानें इसके पीछे की वजह

टीशर्ट और ट्राउजर में ही क्यों नजर आते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की? जानें इसके पीछे की वजह

 Published : Aug 19, 2025 05:00 pm IST,  Updated : Aug 19, 2025 05:00 pm IST

रूस और यूक्रेन के बीच जब से युद्ध शुरू हुआ है तब से यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपना पहनावा ही चेंज कर लिया है। जेलेंस्की टी-शर्ट और ट्राउजर में ही नजर आते हैं। चलिए इसके पीछे की वजह भी जान लेतें हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : AP

Volodymyr Zelenskyy Dress: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पिछले कुछ वर्षों से विश्व राजनीति में सबसे अलग और चर्चा में रहने वाले नेताओं में से एक रहे हैं। उनकी पहचान सिर्फ एक राष्ट्रपति या नेता के रूप में नहीं, बल्कि उनके साधारण पहनावे की वजह से भी होती है। अक्सर अंतरराष्ट्रीय मंचों, मीडिया इंटरव्यू या फिर अन्य अवसरों पर जेलेंस्की साधारण ऑलिव ग्रीन या मिलिट्री ग्रीन टी-शर्ट और ट्राउजर में ही नजर आते हैं। अब ऐसे में सवाल यह है कि आखिर वो हमेशा इस तरह के लुक में ही क्यों दिखाई देते हैं? आइए इसके पीछे की वजहों के बारे में जानते हैं।

जेलेंस्की ने कब बदला पहनावा?

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से ही जेलेंस्की ने अपने पहनावे को पूरी तरह बदल लिया। जहां पहले वो राष्ट्रपति के तौर पर सूट-बूट में नजर आते थे, वहीं अब वो हमेशा साधारण मिलिट्री-स्टाइल कपड़े पहनते हैं। यह उनके लिए युद्धकालीन संघर्ष और सैनिकों से जुड़ाव का प्रतीक है। जेलेंस्की यह संदेश देना चाहते हैं कि राष्ट्रपति भी उसी तरह के हालात में हैं, जैसे देश का आम नागरिक और सैनिक।

सादगी और एकता का संदेश

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का यह ड्रेसिंग स्टाइल उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व को दर्शाता है। महंगे सूट या औपचारिक पोशाक पहनने के बजाय वो साधारण कपड़ों में नजर आते हैं। इससे यूक्रेन के लोग यह महसूस करते हैं कि उनका नेता उनके बीच का ही है, जो आराम और दिखावे से अधिक देश की रक्षा को प्राथमिकता देता है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की
Image Source : APयूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की

सैनिकों और जनता को संदेश

टी-शर्ट और ट्राउजर की यह ड्रेस अक्सर सेना के जवानों और युद्ध के मैदान में काम करने वाले लोगों से जुड़ी होती है। जेलेंस्की यह दिखाना चाहते हैं कि वो अपने सैनिकों और देशवासियों से अलग नहीं हैं। उनका यह पहनावा उनके और सेना के बीच समानता और एकजुटता का भाव पैदा करता है।

दुनिया को संदेश दे रहे हैं जेलेंस्की

जब जेलेंस्की अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों या संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं को संबोधित करते हैं, तब भी वे इसी मिलिट्री-स्टाइल टी-शर्ट और ट्राउजर में होते हैं। यह उनकी पहचान बन चुकी है। इससे वो दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि उनका देश अब भी युद्ध की स्थिति में है और उन्हें मदद की जरूरत है। यह रणनीति दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का एक सफल तरीका साबित हुई है।

सरलता के बावजूद मजबूत छवि वाली पहचान

राजनीति में अक्सर नेता अपने व्यक्तित्व को मजबूत दिखाने के लिए औपचारिक कपड़े और महंगे सूट पहनते हैं। लेकिन, जेलेंस्की का अंदाज अलग है। वो दिखाते हैं कि एक नेता की ताकत उसके कपड़ों में नहीं, बल्कि उसकी सोच और कार्यशैली में होती है। टी-शर्ट और ट्राउजर पहनकर भी वो मजबूत और आत्मविश्वासी नेता की छवि पेश करते हैं।

राजनीतिक और मनोवैज्ञानिक संदेश

ऐसे में कहा जा सकता है कि वोलोदिमीर जेलेंस्की का हमेशा टी-शर्ट और ट्राउजर में नजर आना एक राजनीतिक और मनोवैज्ञानिक संदेश है। इससे वो दुनिया और अपने देश को यह जताते हैं कि वो हर पल युद्ध में खड़े एक सिपाही की तरह हैं। 

यह भी पढ़ें:

समंदर का श्राप है ये भूतिया जहाज, यहां भूत-प्रेत और आत्माओं का है वास; डरवानी है इसकी दास्तान

अमेरिका और दक्षिण कोरिया को किम जोंग उन ने सुना दिया, बोले- 'गंभीर होती जा रही है स्थिति'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश