1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस के साथ जंग के 4 साल पूरे होने पर जेलेंस्की ने दिया बड़ा बयान, बोले- 'यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाए पुतिन'

रूस के साथ जंग के 4 साल पूरे होने पर जेलेंस्की ने दिया बड़ा बयान, बोले- 'यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाए पुतिन'

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Feb 24, 2026 10:23 pm IST,  Updated : Feb 24, 2026 10:23 pm IST

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाया है। जंग ने यूक्रेन और उसके सहयोगियों के संकल्प की कड़ी परीक्षा ली है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : AP

Russia Ukraine War: रूस के पूर्ण पैमाने पर यूक्रेन पर आक्रमण के 4 साल मंगलवार को पूरे हो गए। इस मौके पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाया ना ही युद्ध में जीत हासिल कर सका है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आक्रमण की शुरुआत को याद करते हुए और आज की स्थिति पर विचार करते हुए, हमें यह कहने का पूरा अधिकार है, हमने अपनी स्वतंत्रता की रक्षा की है, हमने देश का अपना दर्जा नहीं खोया है।" जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर निशाना साधते हुए कहा, "पुतिन अपने लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाए। वो यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाए। उन्होंने यह युद्ध नहीं जीता है।" यूक्रेन ने रूस की बड़ी और बेहतर सुसज्जित सेना का मुकाबला किया है।

'ट्रंप देखें यूक्रेन के लोगों की पीड़ा'

यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मंगलवार को कीव में एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ यूरोपीय अधिकारी पहुंचे। इनमें यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब शामिल थे। अमेरिकी प्रतिनिधि के रूप में नाटो में यूक्रेन का प्रतिनिधित्व करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल कर्टिस बजार्ड मौजूद थे। जेलेंस्की ने कीव के केंद्रीय चौक पर बने अस्थायी स्मारक पर कहा कि वो चाहते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यहां आएं और यूक्रेन के लोगों की पीड़ा खुद देखें। उन्होंने कहा, "तभी कोई सही मायने में समझ पाएगा कि यह युद्ध वास्तव में क्या है।" 

 

जारी रहेंगे रूस के हमले

वॉशिंगटन स्थित इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर के अनुसार, पिछले साल रूस केवल 0.79 प्रतिशत क्षेत्र पर ही कब्जा कर पाया। वर्तमान में रूस के कब्जे में यूक्रेन का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा है। इस बीच, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस अपने लक्ष्यों को हासिल करने तक आक्रमण जारी रखेगा। इन लक्ष्यों में यूक्रेन का नाटो में शामिल होने का प्रयास छोड़ना, सेना में भारी कटौती और विशाल भूभाग सौंपना शामिल है। पेस्कोव ने जोर दिया कि सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक लक्ष्य पूर्ण नहीं हो जाते।

रूस और यूक्रेन के बीच होगी वार्ता

जेलेंस्की को उम्मीद है कि अगले 10 दिनों में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस के साथ बातचीत का नया दौर शुरू होगा। यूरोपीय नेताओं ने यूक्रेन के संघर्ष को यूरोप की सुरक्षा के लिए खतरा बताया। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने 'एक्स' पर लिखा कि चार साल से यूक्रेनवासियों के लिए हर दिन और रात बुरे सपने जैसे रहे है, क्योंकि युद्ध यूरोप की दहलीज तक पहुंच चुका है। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने इसे रूस के लिए "तिहरी विफलता- सैन्य, आर्थिक और रणनीतिक" करार दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध ने नाटो को मजबूत किया है और यूरोपीय लोगों को एकजुट किया है। 

यह भी पढ़ें:

अमेरिका ने डिकोड किया चीन का न्यूक्लियर प्लान! बताया 2030 तक बीजिंग के पास होंगे 1000 परमाणु हथियार

इमरान खान की बहन के साथ हुआ कुछ ऐसा कि वायरल हो गया VIDEO, घिर गई शरीफ सरकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश