1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: लूटपाट के शक में पुलिस ने 13 साल के बच्चे को गोली मारी

अमेरिका: लूटपाट के शक में पुलिस ने 13 साल के बच्चे को गोली मारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 15, 2016 05:18 pm IST,  Updated : Sep 15, 2016 05:18 pm IST

अमेरिका के कोलंबस नाम के शहर में पुलिस ने एक 13 साल के बच्चे को गोली मार दी। बताया जाता है कि यह घटना बुधवार की शाम को हुई जब पुलिस एक व्यक्ति से लूटपाट करने की कोशिश कर रहे लोगों का पीछा कर रही थी।

Photo: AP- India TV Hindi
Photo: AP

ओहायो: अमेरिका के कोलंबस नाम के शहर में पुलिस ने एक 13 साल के बच्चे को गोली मार दी। बताया जाता है कि यह घटना बुधवार की शाम को हुई जब पुलिस एक व्यक्ति से लूटपाट करने की कोशिश करने वाले संदिग्धों का पीछा कर रही थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मृत लड़के ने अपने वेस्टबैंड से बंदूक निकाली थी और उस गन में लेजर लाइट भी लगी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक एक शख्स को पूर्वी कोलंबस में शाम के समय कुछ लोगों ने लूटने की कोशिश की थी। उस शख्स ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उसे लूटने की कोशिश की और उनमें से एक के पास बंदूक भी थी। अधिकारियों ने एक जगह बताए गए हुलिए से मिलते-जुलते तीन लोगों को देखा और उनसे बात करने के लिए आगे बढ़े। पुलिस को अपने पास आता देखकर तीन में दो शख्स भागने लगे, जिनमें एक 13 वर्षीय लड़का भी था। पुलिस अधिकारियों ने भी उन दोनों का पीछा किया।

जब पुलिस ने उनमें से 13 साल के लड़के को कस्टडी में लेना चाहा, तो उसने एक बंदूक निकाल ली। ठीक उसी समय एक ऑफिसर ने उसपर कई गोलियां दाग दीं। लड़के को जल्दी ही हॉस्पिटल पहुंचाया गया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़के की पहचान बाद में टायरी किंग के रूप में हुई। 

किंग के साथ भाग रहे अन्य व्यक्ति को पूछताछ के बाद फिलहाल छोड़ दिया गया है, हालांकि वह अभी भी जांच के दायरे में है। इस घटना में किसी अन्य अफसर या संदिग्ध को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश