1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जेएफके एयरपोर्ट पर गोलीबारी की खबर से अफरातफरी, 2 टर्मिनल खाली कराए गए

जेएफके एयरपोर्ट पर गोलीबारी की खबर से अफरातफरी, 2 टर्मिनल खाली कराए गए

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 15, 2016 08:33 pm IST,  Updated : Aug 15, 2016 08:33 pm IST

न्यूयॉर्क: दुनिया के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक जॉन एफ केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अनेक गोलियां चलने की रिपोर्टों के बाद आज वहां दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और उसके कम

jfk airport- India TV Hindi
jfk airport

न्यूयॉर्क: दुनिया के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक जॉन एफ केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अनेक गोलियां चलने की रिपोर्टों के बाद आज वहां दहशत और अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और उसके कम से कम दो टर्मिनल खाली करा लिए गए लेकिन बाद में गोलीबारी की रिपोर्टें गलत निकलीं। हवाईअड्डा प्राधिकरण ने एक शुरूआती अपडेट में कहा कि पुलिस को (स्थानीय समयानुसार कल) रात करीब साढ़े नौ बजे जेएफके हवाईअड्डे के टर्मिनल आठ पर प्रस्थान क्षेत्र के नजदीक गोलियां चलने की रिपोर्टें मिलीं।

इसके एक घंटे बाद, (स्थानीय समयानुसार कल) रात करीब सवा दस बजे न्यूयार्क के मुख्य हवाईअड्डे के टर्मिनल एक को भी गोलीबारी की अतिरिक्त सूचनाएं मिलने के बाद बंद कर दिया गया। हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बताया कि टर्मिनल को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया और जॉन एफ केनेडी (जेएफके) हवाईअड्डे तथा लागार्डिया हवाईअड्डों पर न्यूयार्क पुलिस की अच्छी खासी मौजूदगी थी। वहां जांच शुरू कर दी गई है। कोई घायल नहीं हुआ या गिरफ्तार नहीं किया गया है।

एहतियात के तौर पर टर्मिनलों से सैकड़ों यात्रियों को निकाल लिया गया और कई उड़ानें रद्द कर दी गईं या उन्हें अन्य जगहों के लिए मोड़ दिया गया। यात्रियों के हवाई अड्डे से निकलने के बाद वहां सैंकड़ों की तादाद में बैग और सूटकेस पड़े थे। अधिकारियों के अनुसार झूठे फोन काल और एक दूसरे से चर्चा से लोगों में दहशत फैली। अधिकारी वास्तविक स्थिति का पता चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

बहरहाल, गहन जांच के बाद पुलिस ने कहा कि सब कुछ ठीक है। इसने कहा कि हवाईअड्डे पर गोलीबारी की आपातकालीन कॉल बेबुनियाद हैं। न्यूयार्क पुलिस विभाग के विशेष अभियान प्रकोष्ठ के प्रमुख हैरी वेडिन ने ट्वीट किया, सभी टर्मिनलों की जांच की गई और उन्हें ठीक करार दिया गया। नकारात्मक परिणाम। सभी प्रभावित टर्मिनल जल्द परिचालन शुरू करेंगे। कोई गोली नहीं चली है।

वेडिन ने अपने पुराने ट्वीट में कहा कि न्यूयार्क सिटी के पुलिस अधिकारी तथा हवाईअड्डा प्राधिकरण जेएफके हवाईअड्डे के टर्मिनल एक और आठ के प्रस्थान क्षेत्रों की छानबीन कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, किसी शख्स को गोली नहीं लगी। ऐसा प्रतीत होता है कि कोई गोली नहीं चलाई गई है। प्रारंभिक जांच में भी पता लगा कि गोली चलने का कोई संकेत नहीं है।

हवाईअड्डा प्राधिकरण ने ट्विटर पर एक बयान में कहा, प्रारंभिक जांच जेएफके पर गोलीबारी का संकेत नहीं देती है। कोई आहत नहीं हुआ है। इस समय गोली का कोई खोल या गोली चलने का कोई अन्य साक्ष्य नहीं मिला है। इसने यह भी कहा कि यात्रियों को अपने परिवाहकों से संपर्क करना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश