1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. हवाई में स्काइडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

हवाई में स्काइडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : May 24, 2016 02:55 pm IST,  Updated : May 24, 2016 02:55 pm IST

हवाई में एक स्काइडाइविंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद उसमें आग लग जाने से पांच लोगों की मौत हो गई।

crash- India TV Hindi
crash

होनोलुलु: हवाई में एक स्काइडाइविंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद उसमें आग लग जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। द्वीप पर कुछ ही समय के अंतर पर हुई दो विमान दुर्घटनाओं में से यह एक है। काउंटी के अग्निशमन विभाग ने बताया कि काउई द्वीप पर यह दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घटी। खबर के अनुसार विमान में एक पायलट, दो स्काइडाइव प्रशिक्षक और दो जम्पर सवार थे। इनमें से चार लोगों की मौत पोर्ट एलन हवाईअड्डे के ठीक बाहर स्थित दुर्घटनास्थल पर ही हो गई थी जबकि एक घायल व्यक्ति को विलकॉक्स मेमोरियल अस्पताल में पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

काउंटी के अग्निशमन विभाग ने बताया कि ऐसी खबर है कि यह समूह स्काइडाइव काउई द्वारा आयोजित एक टूर का हिस्सा था। स्काइडाइव काउई कंपनी पोर्ट एलन से टूर ले जाती है। कल इस घटना के कुछ घंटों के बाद, ओहु द्वीप पर मकाहा बीच पार्क के नजदीक पानी में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके बाद आपातकालीन राहतकर्मी एक व्यक्ति को एक अस्पताल में लेकर गये। होनोलुलु अग्निशमन विभाग के कैप्टन डेविड जेंकिंस ने बताया कि काउंटी के लाइफगार्ड दो लोगों को एक एकल इंजन विमान से किनारे पर लेकर आये थे। विमान तट से करीब 30 गज की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

आपातकालीन सेवा विभाग के प्रवक्ता शायने एनराइट ने बताया कि विमान में सवार दूसरे व्यक्ति को किसी प्रकार की चोटें नहीं आयी थी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के अनुसार 2005 से लेकर 2014 तक की अवधि में विमान दुर्घटनाओं में एक स्काइडाइवर समेत 20 यात्रियों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश