1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: संसद भवन हिंसा मामले में दो और लोग गिरफ्तार, गिटार वादक ने किया सरेंडर

अमेरिका: संसद भवन हिंसा मामले में दो और लोग गिरफ्तार, गिटार वादक ने किया सरेंडर

 Reported By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 19, 2021 11:02 am IST,  Updated : Jan 19, 2021 11:02 am IST

एफबीआई ने अमेरिका के संसद भवन कैपिटल पर हुए हमले के मामले में टेक्सास के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, संसद भवन पर हमला करने वाली भीड़ में से जिन लोगों की तस्वीरों के पोस्टर एफबीआई ने जारी किए थे उनमें नजर आए गिटार वादक ने आत्मसमर्पण कर दिया है। 

अमेरिका: संसद भवन हिंसा मामले में दो और लोग गिरफ्तार, गिटार वादक ने किया सरेंडर- India TV Hindi
अमेरिका: संसद भवन हिंसा मामले में दो और लोग गिरफ्तार, गिटार वादक ने किया सरेंडर Image Source : AP

डलास/इंडियानापोलिस (अमेरिका): एफबीआई ने अमेरिका के संसद भवन कैपिटल पर हुए हमले के मामले में टेक्सास के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, संसद भवन पर हमला करने वाली भीड़ में से जिन लोगों की तस्वीरों के पोस्टर एफबीआई ने जारी किए थे उनमें नजर आए गिटारवादक ने आत्मसमर्पण कर दिया है। एफबीआई की एक प्रवक्ता ने बताया कि गाय रेफिट (48) को शुक्रवार को विली स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वहीं मैथ्यू कार्ल मजोक्को (37) को रविवार को सैन एंटोनियो से गिरफ्तार किया गया। 

हलफनामे के अनुसार रेफिट छह जनवरी की वारदात के एक वीडियो में नजर आ रहे हैं। रेफिट पर न्याय में बाधा डालने और गैरकानूनी प्रवेश का आरोप लगाया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि मैथ्यू पर कैपिटल में गैरकानूनी प्रवेश और उपद्रव करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, कैपिटल में घुसने वाली भीड़ के साथ नजर आए गिटारवादक, जिस पर आरोप है कि उसने पुलिस पर ‘मिर्च का स्प्रे’ किया, उसने आत्मसमर्पण कर दिया है। एफबीआई के इंडियानापोलिस कार्यालय की प्रवक्ता क्रिस बेवेंडर ने बताया कि एफबीआई ने एक पोस्टर जारी किया था, जिसमें कैपिटल में दंगा करने वालों की तस्वीरें थीं और लोगों से उनकी पहचान करने में मदद की अपील की गई थी। 

जॉन रेयार शेफर इस पोस्टर में था और उसने आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर कई आरोप दर्ज किए गए हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हार स्वीकार नहीं की है और वह तीन नवम्बर को हुए चुनाव में धोखाधड़ी के बेबुनियाद दावे लगातार करते रहे हैं। उनके इन दावों के बीच ही, कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में ट्रंप के समर्थकों ने धावा बोला था और हिंसा की थी, जिसमें कैपिटल पुलिस के एक अधिकारी तथा चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश