1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह पर खोजा दुर्लभ ‘एग रॉक’

NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह पर खोजा दुर्लभ ‘एग रॉक’

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 05, 2016 09:29 am IST,  Updated : Nov 05, 2016 09:29 am IST

NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह की सतह पर गोल्फ की गेंद के आकार का एक गोल पत्थर खोजा है और इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि आयरन और निकल वाला यह उल्कापिंड लाल ग्रह के आकाश से गिरा है। इस पत्थर का नाम ‘एग रॉक’ रखा गया है।

curiosity rover discovers rare egg rock on mars- India TV Hindi
curiosity rover discovers rare egg rock on mars

वाशिंगटन: मंगल ग्रह के रहस्यों को सुलझाने की कोशिश कर रहे NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने उसकी सतह पर गोल्फ की गेंद के आकार का एक गोल पत्थर खोजा है और इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि आयरन और निकल वाला यह उल्कापिंड लाल ग्रह के आकाश से गिरा है। इस पत्थर का नाम ‘एग रॉक’ रखा गया है।

NASA ने बताया कि पृथ्वी पर आम तौर पर अंतरिक्ष से गिरे उल्कापिंड आयरन और निकल तत्वों के ही बने होते हैं। मंगल में भी पहले इस तरह के उदाहरण देखे गए हैं लेकिन यह पहला अवसर है जब एग रॉक का अध्ययन लेजर युक्त स्पेक्ट्रोमीटर से किया गया है।

इस तरह के अध्ययन के लिए रोवर की टीम ने क्यूरियोसिटी के केमिस्ट्री एंड कैमरा (चेमकैम) उपकरण का उपयोग किया। मंगल विज्ञान प्रयोगशाला (मार्स साइंस लेबोरेटरी-MSL) परियोजना के वैज्ञानिक ही रोवर का संचालन कर रहे हैं और उन्होंने क्यूरियोसिटी के मास्ट कैमरा (मास्टकैम) से ली गई तस्वीरों में एग रॉक को पहली बार देखा। यह तस्वीर लाल ग्रह पर उस जगह की है जहां रोवर 27 अक्टूबर को गया था।

चेमकैम की टीम के सदस्य पियरे येज मेसलिन ने बताया कि जब हमें नयी जगह की मास्टकैम तस्वीरें मिलीं तो इसके आकार, रंग और बनावट ने एमएसएल के कुछ वैज्ञानिकों का ध्यान आकषिर्त किया. मेसलिन नेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च (CNRS) तथा फ्रांस स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ ताउलाउस से संबद्ध हैं।

इस एग रॉक में चेमकैम ने आयरन, निकल, फॉस्फोरस जैसे तत्व पाए। वैज्ञानिक इस एग रॉक में दर्जनों लेजर कंपन से प्रकाश पुंज उत्पन्न कर उसके माध्यम से इसकी संरचना का विश्लेषण कर रहे हैं। मेसलिन ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर निकल और फॉस्फोरस की प्रचुरता से आयरन निकल फॉस्फाइड खनिज की मौजूदगी का संकेत मिलता है जो कि आयरन निकल युक्त उल्कापिंडों के अलावा दुर्लभ होती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश