1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने उपराष्ट्रपति पद के लिए माइक पेंस को उम्मीदवार चुना

ट्रंप ने उपराष्ट्रपति पद के लिए माइक पेंस को उम्मीदवार चुना

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 15, 2016 04:48 pm IST,  Updated : Jul 15, 2016 04:48 pm IST

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के भावी उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने इंडियाना के गवर्नर माइक पेंस से मुलाकात की और उन्हें उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाने की पेशकश की, जिसे पेंस ने स्वीकार कर लिया।

Donald Trump
- India TV Hindi
Donald Trump Image Source : PTI

वाशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के भावी उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने इंडियाना के गवर्नर माइक पेंस से मुलाकात की और उन्हें उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाने की पेशकश की, जिसे पेंस ने स्वीकार कर लिया। उन्होंने गुरुवार सुबह फॉक्स न्यूज से कहा, "मुझे लगता है कि न्यूट (जिंगरिक) एक बेहतरीन इंसान हैं। मैं सोचता हूं कि क्रिस क्रिस्टी भी एक बेहतरीन इंसान हैं और पिछले 15 वर्षो से मेरे मित्र हैं। और एक माइक हैं, जिन्होंने इंडियाना का गवर्नर रहते हुए बेहतरीन काम किया है। उन्होंने निश्चित तौर पर बेहतरीन काम किया है। लेकिन मैंने अभी तक अंतिम फैसला नहीं लिया है।"

ट्रंप ने बुधवार को पेंस सहित अन्य शीर्ष उम्मीदवारों क्रिस्टी व जिंगरिक से बातचीत की। गुरुवार को सूत्रों ने सीएनएन को संकेत दिया था कि ट्रंप का झुकाव पेंस की तरफ है, जबकि उनके नजदीकी लोग बार-बार इसे नकारते आ रहे थे। ट्रंप ने शुरुआत में कहा कि उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम का खुलासा करने को लेकर वह रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन तक इंतजार करेंगे, लेकिन गुरुवार को बाद में उन्होंने इसकी घोषणा कर दी।

पेंस ने मई की शुरुआत में इंडियाना के प्राइमरी के पहले ट्रंप के बदले टेड क्रूज का समर्थन किया था। इंडियाना प्राइमरी में ट्रंप ने जीत दर्ज की थी। हाल में दो जुलाई को ट्रंप से मुलाकात के बाद पेंस ने कहा, "हम ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं, क्योंकि हमें देश में बदलाव लाने की जरूरत है और मुझे विश्वास है कि वे देश व विदेशों में एक मजबूत नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे अमेरिका और महान बनेगा।" पेंस सामाजिक रूढ़िवादी विचारों के समर्थक हैं और एलजीबीटी अधिकारों को लेकर कई विवादों का चेहरा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश