वॉशिंगटन: अमेरिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा है कि भारत में हाल में संपन्न हुए आम चुनाव दुनिया भर के लोगों के लिए प्रेरणा हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। मोदी ने भी एक ट्वीट के जरिए ट्रंप को धन्यवाद कहते हुए इसे देशवासियों की उम्मीदों की अगुवाई करने वाली जीत बताया। आपको बता दें कि ट्रंप और मोदी के बीच रिश्ते आमतौर पर अच्छे ही रहे हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति ने कई मौकों पर पीएम मोदी की तारीफ भी की है।
ट्रंप ने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी बीजेपी को चुनाव में बड़ी जीत के लिए बधाई। प्रधानमंत्री मोदी की वापसी से भारत और अमेरिकी साझेदारी के लिए बहुत कुछ अच्छा होने वाला है। मैं हमारे महत्वपूर्ण काम जारी रखने का इच्छुक हूं।' इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर ट्रंप को धन्यवाद कहा और लिखा कि यह जीत 1.3 अरब लोगों के देश की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने लिखा कि मैं भी आपके साथ निकटता से द्विपक्षीय संबंधों के लिए काम करने के लिए उत्सुक हूं, जो वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए भी अच्छा है।
संपादक की पसंद