वाशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी की दौड़ में सबसे आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि वह किसी महिला को अमेरिका की राष्ट्रपति बनते देखना चाहेंगे लेकिन डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन इस शीर्ष पद के लिए सही नहीं हैं। 69 साल के ट्रंप ने फॉक्स एंड फ्रेंड्स से कहा, मैं महिला राष्ट्रपति देखना चाहूंगा लेकिन वह सही नहीं हैं।
अमेरिका में प्राइमरी चुनावों के तीन महीने के दौर के बाद राजनीतिक पंडितों को अब पुरजोर तरीके से लगने लगा है कि नवंबर में होने वाले चुनाव में मुकाबला ट्रंप और हिलेरी के बीच होगा।
ट्रंप ने कहा, मैं उन्हें कुटिल हिलेरी कहता हूं क्योंकि वह कुटिल हैं। और मैं आपको बताउं कि उनके पास एक ही आधार है कि वह महिला हैं। लेकिन अगर महिला कार्ड किसी और के हाथ में होता तो वह बहुत शक्तिशाली कार्ड हो सकता था।
पांच और राज्य ट्रंप की 'झोली में
अमरीकी मीडिया में आ रहे रूझानों के मुताबिक राष्ट्रपति चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी की रेस में डॉनल्ड ट्रंप पांच अहम राज्यों में जीत दर्ज कराएँगे।
वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में हिलेरी क्लिंटन तीन राज्यों में जीत की ओर बढ़ रही हैं जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स एक राज्य में जीत हासिल करेंगे।