वॉशिंगटन: अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा में पाम बीच तट के पास स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट को व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद अपना स्थाई आवास बनाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस में ट्रंप के आखिरी दिन निकले ट्रकों को पाम बीच में उनके मार-ए-लागो आवास पर जाते देखा गया है। ट्रंप ने कथित तौर पर बुधवार सुबह नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण से कुछ घंटों पहले मार-ए-लागो जाने की योजना बनाई है। राष्ट्रपति के तौर पर अपने 4 सालों के कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने मार-ए-लागो में अच्छा खासा समय व्यतीत किया है।
Related Stories
एक करोड़ डॉलर में ट्रंप ने खरीदा था यह घर
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा मार-ए-लागो में काफी वक्त बिताने के चलते इसे ‘विंटर व्हाइट हाउस’ भी कहा गया। राष्ट्रपति ने सितंबर 2019 में अपने कानूनी निवास को न्यूयॉर्क शहर के ट्रंप टावर से बदलकर मार-ए-लागो कर लिया था। लंबे समय तक न्यूयॉर्क में रहे 74 वर्षीय ट्रंप ने यह घर 1985 में एक करोड़ डॉलर में खरीदा था और इसे एक निजी क्लब में बदल दिया था जो बीते चार सालों के दौरान उनका शीतकालीन घर रहा। करीब 20 एकड़ में फैले इस एस्टेट में 128 कमरे हैं। इस एस्टेट के सामने अटलांटिक महासागर का शानदार नजारा दिखता है और क्लब की सदस्यता खरीदने वालों के लिए यह खुला रहता है।
व्हाइट हाउस ने जारी किया ट्रंप का विदाई भाषण
इससे पहले मंगलवार को व्हाइट हाउस द्वारा जारी किए गए ट्रंप के विदाई भाषण में उन्होंने देश को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने के अभियान में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के सफल रहने की कामना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी लोगों को अपने साझा मूल्यों के प्रति एकजुट होना चाहिए और पक्षपातपूर्ण नफरत की भावना से ऊपर उठना चाहिए। बता दें कि बाइडन आज यानी बुधवार को राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने वाले हैं। अपने संदेश में ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पद पर सेवाएं देना एक ऐसा सम्मान है जिसकी व्याख्या नहीं की जा सकती।