1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कुर्द लड़ाकों पर हमला किया तो तुर्की को आर्थिक तौर पर बर्बाद कर देंगे: डोनाल्ड ट्रंप

कुर्द लड़ाकों पर हमला किया तो तुर्की को आर्थिक तौर पर बर्बाद कर देंगे: डोनाल्ड ट्रंप

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 14, 2019 10:22 am IST,  Updated : Jan 14, 2019 10:22 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में सीरिया से अमेरिकी लड़ाकों की वापसी का फैसला लिया था।

Donald Trump warns Turkey faces 'economic devastation' if Kurds attacked | AP File- India TV Hindi
Donald Trump warns Turkey faces 'economic devastation' if Kurds attacked | AP File

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में सीरिया से अमेरिकी लड़ाकों की वापसी का फैसला लिया था। उनके इस फैसले के बाद माना जा रहा था कि इलाके में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे कुर्द लड़ाकों के खिलाफ तुर्की बाद में कड़ा रुख अपना सकता है। हालांकि ट्रंप ने ऐसी कोई भी संभावना होने पर तुर्की को आर्थिक तौर पर बर्बाद करने की चेतावनी दी है। वहीं, उन्होंने कुर्द लड़ाकों से भी अपील की है कि वे तुर्की को उकसाने वाला कोई काम न करें।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने रविवार को तुर्की को चेतावनी दी कि यदि वह सीरिया से अमेरिकी बलों की वापसी के मद्देनजर कुर्द लड़ाकों पर हमला करता है तो उसे आर्थिक तबाही का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने कुर्द लड़ाकों से भी अंकारा को ना उकसाने की अपील की। ट्रंप ने सीरिया से सैनिकों को वापस बुलाने की घोषणा दिसंबर में की थी। तुर्की ने अमेरिका समर्थित कुर्द लड़ाकों की सुरक्षा की शर्त पर बलों की वापसी संबंधी ट्रम्प की योजना पर नाराजगी जताई थी। ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘कुर्द बलों पर हमला करने पर तुर्की को आर्थिक रूप से तबाह कर देंगे।’

उन्होंने लिखा, ‘इसी तरह, हम यह भी नहीं चाहते कि कुर्द अंकारा को उकसाएं।’ सीरिया में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अमेरिका नीत अभियान का जमीनी स्तर पर कुर्द बहुल सीरियन डेमोक्रेटिक बल (SDF) नेतृत्व करता है। आपको बता दें कि ट्रंप के सीरिया से अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने पर दुनिया के कई देशों ने आश्चर्य जताया था और कहा था कि यह इलाके से अमेरिकी सैनिकों की वापसी का सही समय नहीं है। हालांकि ट्रंप ने आश्वासन दिया है कि यदि आईएस फिर से सिर उठाता है तो अमेरिकी सैनिक एक बार फिर उसे कुचल देंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश