ह्यूस्टन: पाकिस्तानी मूल के एक अमेरिकी कारोबारी की उस समय मौत हो गयी जब वह अपने विमान को उड़ाना सीख रहे थे। अमेरिकी प्रांत टेक्सास में एक हवाई अड्डा के पास कल हुए इस हादसे में दो बच्चों सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार 40 वर्षीय अमजद सुल्तान कल अपने फ्लाइट इंस्ट्रक्स्टर के साथ अपना विमान उड़ाना सीख रहे थे। इसी दौरान एक इंजन वाला विमान साइरस एसआर 20 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त विमान में सुल्तान की प्रेमिका की दो बच्चियां भी सवार थीं।
अधिकारियों ने कहा कि जिस इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां कोई घर नहीं है। एबीसी न्यूज के अनुसार अधिकारियों को मदद के लिए कोई संदेश नहीं मिला था। सुल्तान 30 साल पहले पाकिस्तान से अमेरिका आ गए थे। सुल्तान के बड़े भाई जेफ अख्तर ने कहा कि उनके भाई करीब दो महीने से विमान उड़ाने का प्रशिक्षण ले रहे थे। उन्होंने कहा, यह एक हादसा है और इसमें किसी की गलती नहीं है। मैं किसी को इसके लिए दोषी नहीं ठहराता।