वाशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया इन दिनों चरम पर है। सभी अपनी-अपनी दावेदारी पुख्ता करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में हिलेरी क्लिंटन ने अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए उन्हें ठग कह दिया। हिलेरी ने कहा कि डोनॉल्ड ट्रंप ठग हैं और अमेरिका को लूटने आए हैं। हिलेरी ने अपने इस दावे को पुख्ता करने के लिए सबूत भी पेश किए।
हिलेरी ने कहा कि ट्रंप फ्रॉड हैं और वो उसी तरह अमेरिका को लूटेंगे जिस तरह से ट्रंप यूनिवर्सिटी (रिपब्लिकन का एक लगभग खत्म हो चुका व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम जो कि कार्यवाही के घेरे में है) में लोगों को मूर्ख बनाया गया है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की दौड़ में सबसे आगे चल रहीं हिलेरी क्लिंटन ने बुधवार को एक जज द्वारा दिए गए उन दस्तावेजों को सार्वजनिक कर दिया जिसमें बताया गया है कि किस तरह से ट्रंप के स्टाफ ने रियल इस्टेट के महंगे कोर्स में दाखिला दिलवाने के लिए भावी छात्रों की वित्तीय कमजोरी को निशाना बनाया।
न्यूजर्सी में एक रैली को संबोधित करते हुए क्लिंटन ने कहा, “ट्रंप और उनके स्टाफ ने कमजोर अमेरिकियों का फायदा उठाया, उन्हें क्रेडिट कार्ड का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें उनकी रिटायरमेंट की सेविंग खर्च करने को मजबूर किया। जितने भी वादे किए गए वो सब झूठे थे यह बात उन्हें शुरु से ही पता थी। यह एक सबूत है जिससे पता चलता है कि डोनाल्ड ट्रंप फ्रॉड हैं और वो अमेरिका को वैसे ही लूटने का प्रयास कर रहे हं जैसे उन्होंने ट्रंप यूनीवर्सिटी में लोगों को लूटा है।”