वॉशिंगटन: फ्रांस में 84 लोगों की जान लेने वाले घातक आतंकवादी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए संभावित डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने आज कहा कि अतंरराष्ट्रीय समुदाय अन्य लोगों को कट्टरपंथी बनाने और उनकी भर्ती करने के लिए इस्लाम का इस्तेमाल करने वाले कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्धरत है।
हिलेरी ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘मुझे लगता है कि यह स्पष्ट है कि हम इन आतंकवादी समूहों और जिनका वह प्रतिनिधित्व करते है उसके खिलाफ युद्धरत हैं। यह अलग तरह का युद्ध है। हमें इस संबंध में चतुराई से काम लेने की आवश्यकता है कि हम यह युद्ध कैसे आगे बढ़ाएंगे और इसे कैसे जीतेंगे। इसलिए, मुझे लगता है कि हमें ऐसा करने के लिए सभी संभावित दृष्टिकोणों पर विचार करना होगा।’
हिलेरी के बयान से कुछ ही देर पहले राष्ट्रपति पद के लिए संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका इन आतंकवादी समूहों के खिलाफ युद्धरत है।
हिलेरी ने कहा, हम उन कट्टरपंथी जिहादियों के खिलाफ युद्ध की स्थिति में हैं जो अपने घटिया एजेंडे को पूरा करने की खातिर अन्य लोगों को कट्टरपंथी बनाने एवं उनकी भर्ती करने के लिए इस्लाम का इस्तेमाल करते हैं। यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है कि हम इन लोगों को क्या कहते हैं बल्कि यह अधिक महत्वपूर्ण है कि हम उनके बारे में क्या करते हैं।
बता दें कि फ्रांस के शहर नीस में एक ट्रक ने भीड़भाड़ वाली सड़क पर सैकड़ों लोगों को कुचल दिया जिसमें 84 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल है।