1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. मैं चुनाव जीत गया! डोनाल्ड ट्रंप का ट्वीट

मैं चुनाव जीत गया! डोनाल्ड ट्रंप का ट्वीट

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 16, 2020 10:33 am IST,  Updated : Nov 16, 2020 10:54 am IST

अमेरिका में अबतक हुई वोटों की गिनती में जो सामने आया है उसमें डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बाइडेन की जीत मिलने की बात कही गई है लेकिन ट्रंप का यह ट्वीट नए सिरे से भ्रम पैदा कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति...- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट से अमेरिकी चुनाव को लेकर एक बार फिर से कन्फ्यूजन पैदा हो गया है Image Source : AP

न्यूयॉर्क। अमेरिकी राष्ट्रपति और अमेरिकी चुनावों में रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ऐसा ट्वीट किया है जिससे अमेरिकी चुनाव को लेकर एक बार फिर से कन्फ्यूजन पैदा हो गई है। अपने ट्वीट संदेश में डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा है, "मैं चुनाव जीत गया!" अमेरिका में अबतक हुई वोटों की गिनती में जो सामने आया है उसमें डेमोक्रेट प्रत्याशी जो बाइडेन की जीत मिलने की बात कही गई है लेकिन ट्रंप का यह ट्वीट नए सिरे से भ्रम पैदा कर रहा है। 

ट्रंप के ट्वीट के नीचे ट्विटर ने भी अपनी तरफ से लिखा है कि आधिकारिक तौर पर अमेरिकी चुनाव के जो नतीजे घोषित हुए हैं वह ट्रंप के दावे से अलग हैं। ट्रंप के ट्वीट के नीचे ट्विटर ने लिखा है, "Official sources called this election differently"

अमेरिका में आए चुनाव नतीजों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप यह आरोप लगा रहे हैं कि वोटों की गिनती में गड़बड़ी हुई है और धोखाधड़ी की गई है। हालांकि अमेरिका के चुनाव सुरक्षा अधिकारियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव में धोखाधड़ी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि इसके कोई ‘‘सबूत नहीं है’’ और 2020 राष्ट्रपति चुनाव ‘‘अमेरिका के इतिहास के सबसे सुरक्षित चुनाव ’’ थे।

रिपब्लिकन राष्ट्रपति ट्रंप लगातार चुनावी धोखाधड़ी के निराधार दावे कर रहे हैं और उन्होंने अभी तक अपनी हार स्वीकार नहीं की है। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की दो समितियां, जिन्होंने अमेरिकी मतदान प्रणाली की सुरक्षा के लिए काम किया था, उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘ मतदान प्रणाली के माध्यम से किसी तरह की गड़बड़ी करने, मतों के बदले जाने या किसी भी तरह की छेड़छाड़ के कोई सबूत नहीं है।’’ संघीय चुनाव की रक्षा के प्रयासों की अगुवाई करने वाली समितियों के सदस्यों ने कहा, ‘‘ राज्यों में कड़ी टक्कर होने पर , कई बार मतों की दोबारा गिनती की जाती है। 

2020 राष्ट्रपति चुनाव में जहां भी कांटे की टक्कर थी, वहां हरेक मत के दस्तावेज मौजूद है, जिससे आवश्यकता होने पर दोबारा उनकी गिनती की जा सके। ’’ बयान में कहा, ‘‘ यह सुरक्षा और लचीलेपन का एक अतिरिक्त लाभ है। यह प्रक्रिया किसी भी गलती या त्रुटियों की पहचान कर उसमें सुधार का मौका देती है।

अमेरिकी चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि मतदान प्रणाली के माध्यम से किसी तरह की गड़बड़ी करने, मतों के बदले जाने या किसी भी तरह की छेड़छाड़ के कोई सबूत नहीं है।’’ उसने कहा, ‘‘ तीन नवम्बर को हुए चुनाव अमेरिकी इतिहास के सबसे सुरक्षित चुनाव थे।’’ इस बयान पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य लोगों में राज्य स्तर पर चुनाव करवाने वाले अधिकारी, मतदान उपकरणों के विक्रेता भी शामिल हैं। अमेरिका में तीन नवम्बर को राष्ट्रपति चुनाव हुए थे, जिसमें कई प्रमुख मीडिया घराने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन को विजेता घोषित कर चुके हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश