Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: कैलिफोर्निया में पुलिस ने भारतीय मूल के किशोर को मारी गोली, मौत

अमेरिका: कैलिफोर्निया में पुलिस ने भारतीय मूल के किशोर को मारी गोली, मौत

Edited by: IndiaTV Hindi Desk Published : Apr 21, 2018 05:19 pm IST, Updated : Apr 21, 2018 05:19 pm IST

अमेरिका के कैलिफोर्निया में पुलिस ने एक भारतीय मूल के किशोर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई...

Nathaniel ‘Nathan’ Prasad- India TV Hindi
Nathaniel ‘Nathan’ Prasad

वॉशिंगटन: अमेरिका के कैलिफोर्निया में पुलिस ने एक भारतीय मूल के किशोर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अपराध में वांछित भारतीय मूल के इस अमेरिकी किशोर ने रिवॉल्वर से पुलिस पर गोली चलाई थी, जिसके बाद उसे गोली मारी गई। 19 अप्रैल को फ्रीमोंट पुलिस विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, किशोर की पहचान 18 वर्षीय नाथनील प्रसाद के रूप में हुई है। उसे 5 अप्रैल को गोली मारी गई थी जिसमें उसकी मौत हो गई।

रिपोर्ट में बताया गया है कि नाथनील एक अपराध में वांछित था और 22 मार्च को गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। फ्रीमोंट पुलिस विभाग ने 5 अप्रैल को फ्रीमोंट इलाके में एक वाहन में यात्रा कर रहे प्रसाद को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस रेडियो पर वाहन के बारे में सूचना प्रसारित होने लगी और पुलिस के दल सक्रिय हो गए। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन के चालक ने गाड़ी रोकी और प्रसाद भाग गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद प्रसाद ने पुलिस अधिकारी को निशाना बनाकर एक या दो गोली चलाई। इसके जवाब में अधिकारी ने भी प्रसाद पर गोली चलाई जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। 


पुलिस के मुताबिक, प्रसाद के पास से बाद में .22 कैलिबर की रिवॉल्वर बरामद की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रिवॉल्वर चोरी की थी। इसके बाद प्रसाद की मां को भी फ्रीमोंट पुलिस डिपार्टमेंट ले जाया गया, यहां उनका बयान लिया गया। हालांकि प्रसाद की मां के बयान को जारी नहीं किया गया है। इस घटना में शामिल सभी 6 पुलिस अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया गया है। वहीं, प्रसाद की कजिन स्टेफनी ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट में लिखा है, 'नाथन, हम तुमसे प्यार करते हैं, और हम दुनिया को यह बताएंगे कि तुम बहुत ही अच्छे प्यारे बच्चे थे। हम मीडिया को तुम्हें दूसरे किसी रूप में नहीं दिखाने देंगे।'

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement