1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. मोदी के अमेरिकी-कांग्रेस संबोधन को लेकर उत्साहित हैं भारतीय अमेरिकी

मोदी के अमेरिकी-कांग्रेस संबोधन को लेकर उत्साहित हैं भारतीय अमेरिकी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 05, 2016 04:09 pm IST,  Updated : Jun 05, 2016 04:09 pm IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते देखने के लिए भारतीय अमेरिकी उत्साहित हैं।

Narendra Modi
- India TV Hindi
Narendra Modi

वाशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते देखने के लिए भारतीय अमेरिकी उत्साहित हैं। साथ ही आठ जून को होने वाले संबोधन के दौरान सदन की दर्शक दीर्घा के टिकटों के लिए अमेरिकी सांसदों को समुदाय के लोगों से ढ़ेर सारे अनुरोध मिले हैं। दर्शक दीर्घा का टिकट ना मिलने से भारतीय अमेरिकी समुदाय के बहुत सारे लोग निराश हैं। इस दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद रहने के लिए पूरे अमेरिका से भारतीय अमेरिकी वाशिंगटन डीसी आ रहे हैं।

शिकागो में रहने वाले भरत बराई ने कहा, यह सपना सच होने जैसा है। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि मोदी को सुनने के बाद इस देश के लोग और कांग्रेस सदस्य महसूस करेंगे कि मोदी भारत-अमेरिका के संबंधों को कितना महत्व देते हैं। सिलिकान वैली में रहने वाले निवेशक और उद्यमी एम आर रंगास्वामी कैपिटोल हिल में मोदी के कार्यक्रम में मौजूद होने के लिए कैलिफोर्निया से वाशिंगटन आ रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं यह भाषण सामने मौजूद होकर देखना सुनना चाहता हूं। मैं यह मौका गंवाना नहीं चाहता। इंडियास्पोरा के संस्थापक रंगास्वामी उन खुशकिस्मत लोगों में हैं जिन्हें सीमित सीटों वाली दर्शक दीर्घा का टिकट मिला है।

अमेरिकी कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि उन्हें मोदी के संबोधन से जु़ड़े टिकटों के लिए अनुरोधों को नामंजूर करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हर कांग्रेस सदस्य को एक-एक टिकट आवंटित किया गया है। टिकटों की बेतहाशा मांग को देखते हुए एक समय लाइव भाषण देखने के लिए भारतीय-अमेरिकियों के लिए एक विशाल तंबू लगाने पर विचार किया गया था लेकिन कांग्रेस के प्रोटोकॉल को देखते हुए वह विचार त्याग दिया गया। मोदी का भाषण देश भर में सी-स्पैन पर लाइव दिखाया जाएगा। सी-स्पैन एक केबल और सैटेलाइट टेलीविजन नेटवर्क है। प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी स्वदेश चटर्जी ने कहा, (प्रधानमंत्री को दिया गया) निमंत्रण खुद संबंधों की स्थिति को और इस बात को दिखाता है कि हम कहां तक आ पहुंचे हैं।

पोखरण परमाणु परीक्षण के बाद चटर्जी ने भारत-अमेरिका के संबंधों में नया जीवन डालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने याद किया कि किस तरह उन्होंने और दूसरे भारतीय अमेरिकियों ने अमेरिकी कांग्रेस में महीनों लाबीइंग की थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को 14 सितंबर, 2000 को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया जाए। नॉर्थ कैरोलिना में रहने वाले चटर्जी ने कहा, और इस बार हमारी कोई भूमिका नहीं थी। कांग्रेस सदस्यों ने खुद (अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के) स्पीकर को पत्र लिखकर मोदी को कांग्रेस के संयुक्त सत्र के संबोधन के लिए आमंत्रित करने को कहा। और स्पीकर (पाल) रायन ने भारत के प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने में कोई देरी नहीं की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश