1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. न्यूयार्क में सड़क दुर्घटना में भारतीय परिवार के तीन सदस्यों की मौत

न्यूयार्क में सड़क दुर्घटना में भारतीय परिवार के तीन सदस्यों की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 08, 2016 01:35 pm IST,  Updated : Jul 08, 2016 01:35 pm IST

अमेरिका में एक दुखद घटना में, 38 वर्षीय एक भारतीय और उससे मिलने यहां आए उसके माता-पिता की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जब उनकी कार को एक पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके चालक ने शराब पी हुई थी।

Chandan Gavai 38 year old man killed in accident- India TV Hindi
Chandan Gavai 38 year old man killed in accident

न्यूयार्क: अमेरिका में एक दुखद घटना में, 38 वर्षीय एक भारतीय और उससे मिलने यहां आए उसके माता-पिता की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जब उनकी कार को एक पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके चालक ने शराब पी हुई थी। चंदन गवई, उनकी 60 वर्षीय माता अर्चना गवई और 74 वर्षीय पिता कमलनयन गवई की मौत उस समय हो गई जब सोमवार देर रात को लॉन्ग आइलैंड में याफंक मिडिल आइलैंड रोड पर उनकी कार को एक पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी। सफोल्क काउंटी पुलिस ने बताया कि गवई के माता-पिता अपने पुत्र से मिलने भारत से यहां आये हुये थे। 

सीबीएस न्यूज की खबर के अनुसार ट्रक के 25 वर्षीय चालक गस्टवे गेयर ने वाहन चलाते समय सीमा से अधिक मात्रा में शराब पी रखी थी और उसकी मौत मौके पर ही हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। चंदन की मौत एक स्थानीय अस्पताल में ले जाने के बाद हुई जबकि उसके माता-पिता ने मौके पर दम तोड़ दिया। खबर के अनुसार गवई वर्क वीजा पर अमेरिका में था और एक आईटी फर्म में कार्यरत था।

दुर्घटना में गवई की 32 वर्षीय पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। दंपति का 11 महीने का पुत्र भी दुर्घटना में घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। खबर के अनुसार मृतकों के अंतिम संस्कार और बच्चे की देखभाल के लिए भारत से उनके परिवार के सदस्यों के इस सप्ताह यहां आने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश