वाशिंगटन: कैलिफोर्निया में खतरनाक गोलीबारी के तुरंत बाद इस्लामिक स्टेट के समर्थकों ने कई ट्वीट किए और दावा किया कि हमले में इस आतंकवादी समूह का हाथ है। इस हमले में 14 लोग मारे गए हैं और 21 अन्य घायल हुए हैं।
एक रिपोर्ट में इन्वेस्टिगेटिव प्रोजेक्ट ऑन टेररिज्म (आईपीटी) ने कहा कि मध्यम स्तर का आईएस का एक कमांडर जो अपने को जजरावी-दाएश बताता है उसने ट्वीट किया कि पाकिस्तानी मूल के दंपति, जिन्होंने हमला किया वो आईएस के विशेष एजेंट थे और उन्होंने मुस्लिमों पर अमेरिका की कथित बमबारी के जवाब में निर्दोष लोगों की हत्या की।
आईपीटी अमेरिका स्थित एक गैर सरकारी संगठन है जो आतंक की घटनाओं की जांच करता है। व्यापक गोलीबारी उसी दिन हुई जिस दिन इस्लामिक स्टेट के प्रचार वीडियो में वाशिंगटन और न्यूयार्क के खिलाफ हमले का संकल्प जताया गया।
आईएस समर्थक अलहारथिड्ज जराल्लाह ने हमले के दिन ट्वीट करके कहा, चुनौती स्वीकार की गई। अमेरिका ऑन फायर, जब हम कहते हैं कि हम आपको आपके देश में मारेंगे तो इसके मायने हैं। आईपीटी के अनुसार उसने बाद में ट्वीट किया, आईएस ने अमेरिका नीत गठबंधन को चेतावनी दी और वे नहीं सुन रहे हैं।
एक अन्य ट्वीट में जराल्ला ने अमेरिका को ताना मारते हुए कहा, अगर हमसे खेले तो तुमको यही मिलेगा अमेरिका। अमेरिका हमारे साथ मत खेलो क्योंकि तुम जल जाओगे। अमेरिका जल रहा है।