1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: व्हाइट हाउस के बाहर शख्स ने खुद को गोली मारी, सीक्रेट सर्विस कर रही है जांच

अमेरिका: व्हाइट हाउस के बाहर शख्स ने खुद को गोली मारी, सीक्रेट सर्विस कर रही है जांच

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 04, 2018 12:10 pm IST,  Updated : Mar 04, 2018 12:10 pm IST

अमेरीकी राष्ट्रपति के आवास व्हाइट हाउस के बाहर एक शख्स ने शनिवार को खुद को गोली मार ली...

Man shoots himself outside White House | AP Photo- India TV Hindi
Man shoots himself outside White House | AP Photo

वॉशिंगटन: अमेरीकी राष्ट्रपति के आवास व्हाइट हाउस के बाहर एक शख्स ने शनिवार को खुद को गोली मार ली। इस बात की जानकारी अमेरिका के सीक्रेट सर्विस ने दी है। अमेरिका के खुफिया सेवा विभाग ने ट्वीट कर बताया, ‘व्हाइट हाउस की उत्तरी चारदीवारी के पास एक शख्स ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली है और खुफिया सेवाकर्मी इसकी जांच कर रहे हैं।’ सीक्रेट सर्विस ने ट्वीट के जरिए बताया कि इस घटना में किसी और के घायल होने की खबर नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में नहीं थे। वह फ्लोरिडा में वेस्ट पाम बीच पर थे। घटना शनिवार को उस वक्त की है जब व्हाइट हाउस के पास 100 से ज्यादा लोग जमा थे। सीक्रेट सर्विस के अनुसार शख्स की पहचान हो गयी है लेकिन उसका नाम उजागर नहीं किया गया है। व्हाइट हाउस के उपप्रेस सचिव होगान गिडले ने कहा, ‘हम इस घटना से वाकिफ हैं। इस संबंध में राष्ट्रपति को सूचित कर दिया गया है।’

बताया जाता है कि यह शख्स व्हाइट हाउस के उत्तर की ओर घेरेबंदी वाले क्षेत्र की ओर गया, उसने छिपा कर रखी अपनी हैंडगन निकाली तथा कई गोलियां चलायीं। सीक्रेट सर्विस ने बताया, ‘उसने कोई गोली व्हाइट हाउस को निशाना बनाकर नहीं चलाई।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक, वॉशिंगटन डीसी मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग गोलीबारी की घटना की जांच में जुटा है और सीक्रेट सर्विस वॉशिंगटन फील्ड ऑफिस एवं अन्य कानून प्रवर्तन संगठन भी जांच में मदद कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश