वाशिंगटन: अमेरिका के टेनेसी राज्य में चैटानूगा स्थित दो सैन्य केंद्रों में गोलीबारी की घटना में चार नौसैनिकों की मौत हो गई है, और गोलीबारी को अंजाम देने वाले संदिग्ध व्यक्ति को भी सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया है। संघीय और स्थानीय एजेंसियों को मिलाकर गठित एक आतंकवाद कार्यबल इस मामले की जांच कर रहा है।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा, "हम हर गोलाबारी की घटना को बहुत गंभीरता से लेते हैं। इस मामले की शीघ्र और पूर्ण जांच को लेकर हम प्रतिबद्ध हैं।" ओबामा ने गुरुवार को एफबीआई निदेशक के साथ इस मामले पर बात की थी।
उन्होंने कहा, "अमेरिकी सैन्य केंद्र पर जब कोई हमला होता है तो हमें यह सुनिश्चित करना होता है कि इस घटना का आकलन करने के लिए हमारे पास सभी तरह की आवश्यक जानकारी होनी चाहिए कि यह हमला किस तरह हुआ और भविष्य में इस दिशा में क्या कदम उठाने चाहिए।"
अमेरिका के घरेलू सुरक्षा मंत्री जेह जॉन्सन ने कहा कि हमले के बाद प्रशासन ने चुनिंदा संघीय केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि संदिग्ध हमलावर मोहम्मद यूसुफ अब्दुल्लअजीज (24) ने गुरुवार को स्ट्रिप मॉल में सैन्य भर्ती केंद्र के शीशे के दरवाजे पर गोलियां बरसाई।
अगली स्लाइड में देखें और तस्वीरें