1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी संसद भवन की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए ‘नेशनल गार्ड’ लौटेंगे वापस

अमेरिकी संसद भवन की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए ‘नेशनल गार्ड’ लौटेंगे वापस

 Reported By: Bhasha
 Published : May 24, 2021 10:49 am IST,  Updated : May 24, 2021 10:49 am IST

अमेरिकी संसद पर 6 जनवरी को हुए हमले के बाद वहां तैनात किए गए ‘नेशनल गार्ड’ अब करीब पांच महीने बाद कैपिटल पुलिस को सुरक्षा का जिम्मा सौंप वापस लौटने को तैयार हैं।

अमेरिकी संसद भवन की...- India TV Hindi
अमेरिकी संसद भवन की सुरक्षा के लिए तैनात किए गए ‘नेशनल गार्ड’ लौटेंगे वापस  Image Source : AP (FILE PHOTO)

वॉशिंगटन: अमेरिकी संसद पर 6 जनवरी को हुए हमले के बाद वहां तैनात किए गए ‘नेशनल गार्ड’ अब करीब पांच महीने बाद कैपिटल पुलिस को सुरक्षा का जिम्मा सौंप वापस लौटने को तैयार हैं। योजना से जुड़े एक व्यक्ति ने ‘एपी’ को बताया कि ‘नेशनल गार्ड’ का मिशन रविवार को खत्म हो रहा है और वे सोमवार को लौट सकते हैं। पेंटागन ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि 2,149 ‘नेशनल गार्ड’ की तैनाती की अवधि बढ़ाने का अनुरोध नहीं किया गया है।

डेमोक्रेट और रिपब्लिकन सदस्यों के बीच कैपिटल (अमेरिकी संसद) की किलेबंदी के खर्चे और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा किए गए हमले की जांच के लिए द्विदलीय आयोग के गठन को लेकर हुई बहस के बाद जवानों की वापसी हो रही है। हालांकि जवानों की वापसी पहले से तय थी।

गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में हार स्वीकार नहीं की थी और वह तीन नवम्बर को हुए चुनाव में धोखाधड़ी के दावे कर रहे थे। ट्रंप के इन दावों के बीच, कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में उनके समर्थकों ने छह जनवरी को धावा बोला था और हिंसा की थी। इसके बाद ही संसद भवन की सुरक्षा के लिए ‘नेशनल गार्ड’ की तैनाती की गई थी।

सदन ने बृहस्पतिवार को कैपिटल की सुरक्षा के लिए 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर के उपायों की अनुमति दी थी। इसके अगले दिन ही सदन ने जांच आयोग के गठन की भी मंजूरी दी थी, 35 रिपब्लिकन सदस्यों ने भी इसके पक्ष में मतदान किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश