1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. विदेश भाग रहे हैं पाकिस्तान के नौकरशाह, सेवा के दौरान ही अन्य देशों में बसने की बना ली योजना, रक्षा मंत्री ने उठाए सवाल

विदेश भाग रहे हैं पाकिस्तान के नौकरशाह, सेवा के दौरान ही अन्य देशों में बसने की बना ली योजना, रक्षा मंत्री ने उठाए सवाल

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 21, 2026 11:02 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 11:45 pm IST

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि पाकिस्तान के नौकरशाहों ने सेवा के दौरान ही अन्य देशों में बसने की योजना बना ली थी। ख्वाजा आसिफ ने नौकरशाहों की निष्ठा पर सवाल उठाए हैं।

Pakistan senior bureaucrats abroad Khawaja Asif - India TV Hindi
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने नौकरशाहों की निष्ठा पर उठाए सवाल। Image Source : AP

पाकिस्तान में बीते लंबे समय से आर्थिक हालात खराब चल रहे हैं लेकिन देश में समय-समय पर भ्रष्टाचार के बड़े मामले उजागर होते रहते हैं। अब पाकिस्तान में एक और नया संकट खड़ा हो गया है। देश के कई सरकारी अधिकारियों द्वारा सेवा में रहते हुए ही विदेश में बसने की योजना बनाने का मामला सामने आया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुद ही देश के वरिष्ठ नौकरशाहों की निष्ठा पर सवाल उठा दिए हैं। पाकिस्तान के 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान में काबिल और ईमानदार नौकरशाह मौजूद हैं, लेकिन बीते कुछ सालों में कई अधिकारियों ने कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों को अपना स्थायी घर बना लिया है।

क्या है पूरा विवाद?

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि देश के कुछ सरकारी अधिकारियों ने नौकरी करने के दौरान ही विदेश जाने की तैयारी कर ली थी। अधिकारियों ने ये काम एक सोची-समझी योजना के तहत किया था। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में पुर्तगाल एक ऐसी जगह बनकर सामने आया है, जहां पर नौकरशाह बड़ी संख्या में जाकर बस गए हैं। ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि उन्होंने कुछ महीने पहले भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाया था।

नौकरशाहों से पैसे वसूलकर भागा शख्स

ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि इस मामले में पाकिस्तान के जिन अधिकारियों के नाम उजागर हुए हैं, वे देश के अहम पदों पर रहे हैं और अलग-अलग सरकारों के भी काफी करीब रहे हैं। ख्वाजा आसिफ ने बताया है कि जिस शख्स ने परमानेंट रेजीडेंसी की व्यवस्था कराने में मदद की थी, उसने कई बड़े नौकरशाहों से अच्छी-खासी रकम वसूल ली और इसके बाद भाग गया। हालांकि, ख्वाजा आसिफ ने इन अधिकारियों के नाम उजागर नहीं किए हैं और न ही इन आरोपों के बारे में सबूत दिए हैं। बता दें कि इस बीच पाकिस्तान में भुखमरी का संकट भी गहरा गया है और ये दुनिया के 10 सबसे बदहाल देशों में शामिल हो गया है।

ख्वाजा आसिफ ने पूछा बड़ा सवाल?

ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई परेशान करने वाली जानकारी सामने आ रही है। ख्वाजा आसिफ ने सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के वो बड़े अधिकारी जो सरकारी सेवा में रहते हुए तमाम सुविधाओं और सम्मान का आनंद का फायदा ले रहे थे, वे अपने देश के प्रति वफादार रहे हैं? ख्वाजा आसिफ ने पूछा कि ऐसे अधिकारी क्या पाकिस्तान को अपना घर समझते हैं या फिर वे विदेश में बसने से पहले पाकिस्तान को सिर्फ एक अस्थायी पड़ाव समझते हैं?

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के पंजाब में बड़ा हादसा, बस पलटने से 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

अमेरिका की पैरवी करने ईरान पहुंचे आसिम मुनीर, मोहसिन रेजाई ने पाकिस्तान को सुना दिया फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।