1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डलास: पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाला व्यक्ति था अफगान रिजर्विस्ट

डलास: पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाला व्यक्ति था अफगान रिजर्विस्ट

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 09, 2016 04:34 pm IST,  Updated : Jul 09, 2016 04:34 pm IST

अमेरिका में इस सप्ताह पुलिस द्वारा अश्वेत व्यक्ति को गोली मारे जाने के विरोध में डलास शहर में हो रहे विरोध प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करने वाले स्निपर की पहचान सेना के एक पूर्व रिजर्विस्ट के रूप में की गई है।

dallas attack- India TV Hindi
dallas attack

ह्यूस्टन: अमेरिका में इस सप्ताह पुलिस द्वारा अश्वेत व्यक्ति को गोली मारे जाने के विरोध में डलास शहर में हो रहे विरोध प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करने वाले स्निपर की पहचान सेना के एक पूर्व रिजर्विस्ट के रूप में की गई है। स्पिनर ने 12 पुलिस अधिकारियों को गोलियां मारीं जिससे पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

कानून प्रवर्तन सूत्रों के बताया कि 25 वर्षीय मीकाह जेवियर जॉनसन ने जब गुरूवार रात को ब्लैक लाइफ्स मैटर प्रदर्शन के दौरान डलास में श्वेत पुलिसकर्मियों को निशाना बनाना शुरू किया था, उस समय उसने शरीर पर कवच पहन रखा था और उसके पास एक एसकेएस अद्र्ध स्वचालित असॉल्ट राइफल और एक पिस्तौल थी।

पुलिस को कल जॉनसन के घर की तलाशी के दौरान बम बनाने का सामान, बैलिस्टिक वेस्ट, राइफलें, गोला बारूद और एक पत्रिका मिली जिसमें युद्ध की तकनीकों के बारे में बताया गया था। जॉनसन ने घात लगाकर किए गए हमले के दौरान वार्ताकारों को बताया कि वह श्वेत लोगों को मारना चाहता है। अधिकारियों ने बताया कि जॉनसन युद्ध के हथियारों का इस्तेमाल करने के मामले में पूरी तरह प्रशिक्षित था। उसने वर्ष 2015 तक छह वर्षों के लिए एक रिजर्विस्ट के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं और उसे नवंबर 2013 एवं जुलाई 2014 के बीच अफगानिस्तान में तैनात किया गया था।

डलास पुलिस ने कल अपराह्न जारी एक बयान में बंदूकधारी की पहचान की पुष्टि की और कहा कि उसे जानने वाले कुछ लोगों ने उसे अकेला बताया था। जांचकर्ता पत्रिका में मौजूद सूचना का विश्लेषण कर रहे हैं। वह बढ़ई एवं राजमिस्त्री के काम का विशेषज्ञ था। उसे आर्मी अचीवमेंट मेडल से भी सम्मानित किया गया था लेकिन उसकी इकाई के सदस्यों के बीच उसकी कोई खास छवि नहीं थी।

जॉनसन के साथ पूर्व में काम कर चुके वेल्स न्यूसम ने फेसबुक पर लिखा, हम सभी जानते थे कि वह विकृत सोच का व्यक्ति था क्योंकि उसे लड़कियों के अंत:वस्त्र चुराते पकड़ा गया था लेकिन पुलिसकर्मियों की हत्या करना तो अलग ही कहानी है। उसने कहा, आपको वास्तव में नहीं पता होता कि कोई क्या कर सकता है और जब पता चलता है तो बहुत देर हो जाती है। एक अन्य साथी लुई कांतो ने कहा कि जॉनसन का व्यक्तित्व अजीब सा था।

कांतो ने फेसबुक पर लिखा, हम सभी जानते थे कि वह अजीब था लेकिन इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि वह यह भी कर सकता है। जॉनसन के सोची समझी साजिश के तहत पुलिसकर्मियों की हत्या करने से उसके परिवार के सदस्य हैरान हैं। जॉनसन का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था या उसके किसी आतंकवादी समूह से संबंध नहीं था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश