1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ‘ट्रंप ओबामाकेयर का संशोधित संस्करण रखने पर कर सकते हैं विचार’

‘ट्रंप ओबामाकेयर का संशोधित संस्करण रखने पर कर सकते हैं विचार’

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 12, 2016 12:23 pm IST,  Updated : Nov 12, 2016 12:23 pm IST

डोनाल्ड ट्रंप ने बराक ओबामा के प्रमुख कानून को रद्द करने की अपनी प्रचार मुहिम के बड़े वादे को लेकर अपने रख में उल्लेखनीय बदलाव करते हुए संकेत दिया है कि वह अफोर्डेबल केयर एक्ट के संशोधित संस्करण को बनाए रखने पर विचार करेंगे।

Trump-Obama- India TV Hindi
Trump-Obama

वॉशिंगटन: डोनाल्ड ट्रंप ने स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रमुख कानून को रद्द करने की अपनी प्रचार मुहिम के बड़े वादे को लेकर अपने रख में उल्लेखनीय बदलाव करते हुए संकेत दिया है कि वह अफोर्डेबल केयर एक्ट के संशोधित संस्करण को बनाए रखने पर विचार करेंगे। वाल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने इस सप्ताह व्हाहट हाउस में ओबामा के साथ अपनी बैठक के बाद स्पष्ट रूप से यू टर्न लिया है। ट्रंप ने समाचार पत्र के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि उनकी प्राथमिकता ओबामाकेयर को लेकर तेजी से कदम उठाना है जो महंगा और अव्यवहार्य बन गया है।

समाचार पत्र ने कहा कि लेकिन उन्होंने गुरूवार में व्हाइट हाउस में ओबामा के साथ बैठक के दौरान इस कानून को रद्द किए जाने पर फिर से विचार करने के निवर्तमान राष्ट्रपति के सुझाव के बाद इसके कम से कम दो प्रावधानों को संरक्षित रखने की इच्छा व्यक्त की है। ट्रंप ने कहा, ओबामाकेयर में या तो संशोधन किया जाएगा या उसे रद्द किया जाएगा या बदला जाएगा। मैंने उनसे कहा कि मैं उनके सुझावों पर विचार करूंगा और सम्मान के तहत मैं ऐसा करूंगा।

जर्नल के अनुसार ट्रंप ने कहा कि वह ओबामाकेयर के उस अहम हिस्से को बनाए रखने के समर्थन में हैं जो बीमा कंपनियों को स्वास्थ्य संबंधी मौजूदा समस्याओं वाले लोगों को कवर करने से इनकार करने से रोकता है। इसके अलावा ट्रंप उस प्रावधान के भी समर्थक हैं जो अभिभावकों को उनकी बीमा नीतियों पर बच्चों के लिए अतिरिक्त कवरेज के वर्ष मुहैया कराता है। मुझे ये बहुत पसंद हैं। ट्रंप आईएसआईएस को हराने के अलावा बुनियादी सुविधाओं में बड़े स्तर पर निवेश और बेहतर अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सौदों के जरिए नौकरियां वापस लाने के अपने वादों को लेकर भी प्रतिबद्ध प्रतीत हुए।

हिलेरी क्लिंटन को हराकर आठ नवंबर को राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद अपने पहले साक्षात्कार में कहा, मैं ऐसा देश चाहता हूं जहां सब एक दूसरे से प्रेम करें। मैं इस पर जोर देना चाहता हूं। ट्रंप ने अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विश्व के कई नेताओं से बात की है। अभी उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करनी है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें पुतिन की ओर से एक संुदर पत्र मिला है। उन्होंने सीरिया के बारे में कहा कि उनका मुख्य ध्यान मौजूदा राष्ट्रपति बशर अल असद को हटाने के बजाए आईएसआईएस को हराने पर होगा। ट्रंप ने इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष पर कहा कि वे समझौता होेने की उम्मीद करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश