1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप की नई आव्रजन सूची से हटेगा इराक का नाम

ट्रंप की नई आव्रजन सूची से हटेगा इराक का नाम

 Written By: India TV News Desk
 Published : Mar 01, 2017 01:42 pm IST,  Updated : Mar 01, 2017 01:42 pm IST

वाशिंगटन: अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नया आव्रजन आदेश इराक को उन देशों की सूची से हटा देगा, जिनके नागरिक अस्थायी तौर पर अमेरिकी यात्रा प्रतिबंध का सामना कर रहे

trump new immigration order will drop Iraq from ban list- India TV Hindi
trump new immigration order will drop Iraq from ban list

वाशिंगटन: अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नया आव्रजन आदेश इराक को उन देशों की सूची से हटा देगा, जिनके नागरिक अस्थायी तौर पर अमेरिकी यात्रा प्रतिबंध का सामना कर रहे हैं। चार अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन का फैसला पेंटागन और विदेश मंत्रालय की ओर से दबाव के बाद आया है।

उन्होंने व्हाइट हाउस से अपील की थी कि वह इस्लामिक स्टेट समूह से लड़ाई में इराक की अहम भूमिका को देखते हुए सूची से इराक का नाम रखने के मुद्दे पर पुन: विचार करे। नया आदेश ट्रंप के पूर्व शासकीय आदेश की जगह ले सकता है। पुराने आदेश पर संघीय अदालतों ने रोक लगा दी थी। अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर यह बात कही क्योंकि वे इस आदेश पर हस्ताक्षर से पहले इसकी चर्चा के लिए अधिकृत नहीं थे। इन अधिकारियों ने कहा कि छह देश- ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया और यमन यात्रा प्रतिबंध सूची में बने रहेंगे।  

गौरतलब है कि ट्रंप ने ईरान, इराक, लीबिया, सूडान, यमन, सीरिया, और सोमालिया के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध वाले शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किए थे जिसकी देश के भीतर ही नहीं आतंकवादी हमलों का सामना कर चुके जर्मनी और फ्रांस जैसे देशों ने भी आलोचना की गई थी। इसी कारण ट्रंप के आव्रजन आदेश को अदालत में तीखे सवालों का सामना भी करना पड़ा। अपीली अदालत ने ट्रंप प्रशासन से पूछा कि यात्रा प्रतिबंध असंवैधानिक तरीके से मुस्लिमों के खिलाफ भेदभाव करता है या नहीं? इसके साथ ही अदालत ने इन प्रतिबंधों के राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं से प्रेरित होने की दलीलों पर भी सवाल उठाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश