1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. UN शांति सैनिकों को 2 लाख कोरोना के टीके भेंट करेगा भारत, एंतोनियो गुतारेस ने जताया आभार

UN शांति सैनिकों को 2 लाख कोरोना के टीके भेंट करेगा भारत, एंतोनियो गुतारेस ने जताया आभार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 18, 2021 02:53 pm IST,  Updated : Feb 18, 2021 02:53 pm IST

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने शांतिरक्षकों के लिए कोविड-19 के टीके की दो लाख खुराकें भेंट करने पर भारत का आभार जताया है।

UN शांति सैनिकों को 2 लाख...- India TV Hindi
UN शांति सैनिकों को 2 लाख कोरोना के टीके भेंट करेगा भारत, एंतोनियो गुतारेस ने जताया आभार Image Source : FILE PHOTO

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने शांतिरक्षकों के लिए कोविड-19 के टीके की दो लाख खुराकें भेंट करने पर भारत का आभार जताया है। महासचिव के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षकों के लिए कोविड-19 के टीके की दो लाख खुराक भेंट करने की घोषणा की थी।

जयशंकर ने कहा था, ‘‘यह ध्यान में रखते हुए कि संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षक किन मुश्किल परिस्थितियों में काम करते हैं, हम आज उनके लिए दो लाख खुराक भेंट देने की घोषणा करते हैं।’’ महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, ‘‘ भारतीय प्रतिनिधिमंडल की इस भेंट की घोषणा के हम बेहद आभारी हैं। संयुक्त राष्ट्र का सहयोग विभाग इन्हें बांटने का काम करेगा।’’ भारत की दो लाख खुराकों की भेंट का मतलब है कि संयुक्त राष्ट्र मिशन के सभी शांतिरक्षकों को टीके की आवश्यक दोनों खुराकें लग पाएंगी।

संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना के अनुसार विश्व में अभी कुल 12 अभियानों में कुल 94,484 कर्मी तैनात हैं। संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना अभियानों में कुल 121 देशों के कर्मी तैनात है, जिनमें से सबसे अधिक सैनिक भारत के हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश