संयुक्त राष्ट्र: अमेरिका में कथित रूप से नस्लवाद से प्रेरित होकर की गई गोलीबारी में एक भारतीय इंजीनियर के मारे जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने विदेशियों एवं इस्लाम को लेकर दहशत की भावना रखने की कड़ी निंदा की है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजार्रिक ने कल यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, अगर आपने पिछले कुछ महीनों में महासचिव ने जो कुछ कहा वह सुना है, तो देखेंगे कि उन्होंने विदेशियों एवं इस्लाम को लेकर दहशत की भावना एवं यहूदियों के प्रति पक्षपात के खिलाफ जोरदार तरीके से बात की है। हम देख रहे हैं कि पूरी दुनिया में इस तरह के अपराध बढ़े हैं और मुझे लगता है कि उन्होंने (महासचिव) इसकी साफ साफ निंदा की है।
दुजार्रिक से सवाल पूछा गया था कि क्या गुटेरेस ने कंसास शहर में हुई गोलीबारी की घटना सहित अमेरिका में दक्षिण एशिया के लोगों के खिलाफ बढ़ रहे घृणा अपराधों को लेकर कोई टिप्पणी की है? उन्होंने इसके जवाब में यह बात कही।
गौरतलब है कि अमेरिका के कंसास शहर में एक पूर्व अमेरिकी नौसैनिक ने एक भारतीय इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी और एक भारतीय सहित दो अन्य को घायल कर दिया। गोलियां चलाते समय आरोपी कथित तौर पर चिल्लाते हुए कह रहा था- मेरे देश से निकल जाओ और आतंकवादी।
बुधवार रात को हुई एक बहस के बाद 51 वर्षीय पूर्व नौसेनाकर्मी ने गोलियां चला दी थीं जिसमें श्रीनिवास कुचीभोटला (32) की मौत हो गई। श्रीनिवास ऑलेथ स्थित गार्मिन मुख्यालय में काम करता था। हमले में एक अन्य भारतीय एवं उसका सहकर्मी आलोक मदसाणी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोलीबारी में घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान अमेरिकी नागरिक इयान ग्रीलोट के तौर पर हुई है जो बीच बचाव करने आया था। घटना ऑलेथ के ऑस्टिन बार एंड ग्रिल में हुई। आरोपी एडम पुरिनतोन की कथित तौर पर पीडि़तों से नस्ली मुद्दों पर बहस हो गई थी और वह उनपर गोलियां चलाने से पहले मेरे देश से निकल जाओ, आंतकियों चिल्ला रहा था।