वाशिंगटन: अमेरिका के मिसौरी राज्य में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक को गोली लगने की खबर है। यह विरोध प्रदर्शन पिछले वर्ष अगस्त महीने में एक श्वेत पुलिस अधिकारी द्वारा एक अश्वेत युवक माइकल ब्राउन की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना की स्मृति में आयोजित किया गया था। यूएसए टुडे की रपट के अनुसार, सेंट लुइस काउंटी के पुलिस प्रमुख जॉन बेलमर ने कहा कि गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर है। युवक ने पुलिस बल पर गोली दागी थी। जवाबी गोलीबारी में इसे गोली लगी है।
बेलमर ने कहा कि सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ में इस युवक को देखा। पुलिस को यकीन था कि इसके पास हथियार हो सकता है। यह भी लगा कि इसके तीन-चार और साथी हथियारबंद हो सकते हैं।
इससे पहले दो गुटों में हुई गोलीबारी के बाद यह संदिग्ध व्यक्ति भाग निकला। बाद में उसे पुलिस ने एक वाहन में देखा। इस युवक ने इमरजेंसी लाइट जलाकर गाड़ी पुलिसवालों की तरफ दौड़ा दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन पर गोलियां बरसाईं। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में संदिग्ध को एक से अधिक गोलियां लगी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस की कम से कम दो कारों को गोलियों का निशाना बनाया गया।
ब्राउन की स्मृति में रविवार को पूरे दिन कार्यक्रम होते रहे। लोगों ने उनकी याद में साढ़े चार मिनट मौन रखा। गोली लगने के बाद इतनी ही देर तक ब्राउन सड़क पर पड़े रहे थे।