1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 21 जून से पहले, योग से प्रकाशमान हुआ संयुक्त राष्ट्र

21 जून से पहले, योग से प्रकाशमान हुआ संयुक्त राष्ट्र

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 20, 2016 01:59 pm IST,  Updated : Jun 20, 2016 01:59 pm IST

संयुक्त राष्ट्र मंगलवार को दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन को लेकर तैयार है और इसी के तहत विश्व संस्था के मुख्यालय पर योगासन मुद्रा वाली तस्वीर को प्रदर्शित किया गया।

demo pic- India TV Hindi
demo pic

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र मंगलवार को दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन को लेकर तैयार है और इसी के तहत विश्व संस्था के मुख्यालय पर योगासन मुद्रा वाली तस्वीर को प्रदर्शित किया गया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत सैयद अकबरूद्दीन ने ट्वीट किया, योग से प्रकाशमान हुआ संयुक्त राष्ट्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2016 पर न्यूयार्क स्थित प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर योग मुद्राओं की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं।

संयुक्त राष्ट्र भवन पर प्रदर्शित इस तस्वीर में एक महिला को पर्वतासन (अंग्रेजी के अक्षर वी का उल्टा रूप) करते दिखाया गया है। तस्वीर के नीचे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तस्वीर भी प्रदर्शित की गई है। संयुक्त राष्ट्र जन सूचना विभाग से संबद्ध संयुक्त राष्ट्र में भारत का स्थायी मिशन 21 जून को विश्व संस्था के मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन करेगा।

कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मॉरगन्स लिकेटॉफ, संचार एवं जन सूचना के लिए अवर महासचिव क्रिस्टीना गैलाच और इशा फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक नेता जग्गी सद्गुरू शामिल होंगे, जो योगासन करेंगे। योग पर आयोजित कार्यक्रम में संगीतमय मंत्रोच्चार के बीच जानी मानी ब्रिटिश गायिका तान्या वेल्स संस्कृत में श्लोकों का उच्चारण करेंगी। अकबरूद्दीन ने इससे पहले इस सप्ताह के शुरू में कहा था कि इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का जोर योग के संबंध में जागरूकता फैलाने पर रहेगा क्योंकि योग का समग्र दृष्टिकोण है और यह महज शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि इससे सतत विकास का लक्ष्य हासिल करने में भी मदद मिल सकती है।

चंडीगढ़: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम पर बारिश फेर सकती है पानी

मौसम विभाग की ओर से सोमवार को कहा गया कि यहां मंगलवार को आयोजित हो रहे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बारिश बाधा डाल सकती है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिरकत करनी है। यहां मौसम विभाग विभाग के निदेशक सुरिदर पॉल ने बताया, "चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह बारिश होने की पूरी संभावना है।"

उन्होंने कहा कि इस बाबत स्थानीय प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "हम घंटे-घंटे के अंतराल पर स्थानीय प्रशासन को मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।" वहीं, चंडीगढ़ के गृह सचिव अनुराग अग्रवाल ने कहा है कि प्रशासन ने बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं।

अनुराग ने कहा, "हमने बारिश होने की सूरत में चटाइयों को हटाने एवं बारिश थमने के बाद वापस बिछाने के लिए आयोजन स्थल पर 500 से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया है।" यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का दूसरा साल है और इस मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य कार्यक्रम चंडीगढ़ में होना है। कैपिटल कांप्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में चंडीगढ़, पंजाब एवं हरियाणा तीनों जगह से 10-10 हजार यानी कुल 30,000 हजार से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जहां प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश