1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में हुआ दर्दनाक हादसा, मैरीलैंड के एक घर में लगी आग; 4 बच्चों समेत 6 लोगों की गई जान

अमेरिका में हुआ दर्दनाक हादसा, मैरीलैंड के एक घर में लगी आग; 4 बच्चों समेत 6 लोगों की गई जान

 Published : Aug 11, 2025 04:25 pm IST,  Updated : Aug 11, 2025 04:25 pm IST

अमेरिका के मैरीलैंड में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की इस घटना में कुल 6 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 4 बच्चे शामिल हैं।

America Fire Maryland Home- India TV Hindi
America Fire Maryland Home Image Source : AP

वाल्डोर्फ: अमेरिका में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां मैरीलैंड के चार्ल्स काउंटी में आग का कहर देखने को मिला है। आग एक मकान में लगी थी जिसकी चपेट में आने से चार बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। समाचार चैनल डब्ल्यूटीओपी-टीवी की खबर के अनुसार, बाल्टीमोर से लगभग 88 किलोमीटर दक्षिण में स्थित वाल्डोर्फ इलाके में स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 8 बजकर 40 मिनट पर आग लगने की जानकारी मिली थी।

मौके पर पहुंची 70 दमकलकर्मियों की टीम

खबर के मुताबिक एक व्यक्ति किसी तरह लपटों के बीच मकान से बाहर निकलने में सफल रहा। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 70 दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया और करीब एक घंटे से अधिक समय में आग पर काबू पाया गया। इस दौरान घायल एक दमकलकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि एक अन्य का घटनास्थल पर ही इलाज किया गया। 

आग लगने के कारणों का पता नहीं

मैरीलैंड राज्य के अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ओलिवर अलकयर ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों के नाम और उम्र की जानकारी नहीं दी है। अलकयर ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मकान में आग लगने की चेतावनी देने वाले यंत्र काम कर रहे थे या नहीं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। 

अमेरिका में आग ने मचाई तबाही

बता दें कि, साल 2025 में आग ने अमेरिका में जमकर तबाही मचाई है। अमेरिका में इस साल की शुरुआत में लॉस एंजिल्स में भीषण आग देखने को मिली थी।   लॉस एंजिल्स में लगी आग ने भीषण तबाही मचाई थी। लॉस एंजिल्स के बाद उत्तरी और दक्षिण कैरोलिना राज्यों में जंगल की आग ने भीषण तबाही मचाई थी।  (एपी)

यह भी पढ़ें:

चंद्रमा पर परमाणु रिएक्टर बनाने की है नासा की योजना, जानिए क्या कहता है कानून?

पाकिस्तान में आतंकियों की गिरी हुई हरकत, स्कूल को भी नहीं छोड़ा; बम से उड़ाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश