1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. "मुज्तबा खामेनेई-अन्य अधिकारियों की जानकारी दो और 92 करोड़ रुपए इनाम में ले जाओ", अमेरिका ने कर दी बड़ी घोषणा

"मुज्तबा खामेनेई-अन्य अधिकारियों की जानकारी दो और 92 करोड़ रुपए इनाम में ले जाओ", अमेरिका ने कर दी बड़ी घोषणा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 14, 2026 09:03 am IST,  Updated : Mar 14, 2026 09:19 am IST

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई और अन्य सीनियर अधिकारियों के खिलाफ अमेरिका ने बड़े इनाम की घोषणा की है। इसके तहत 92 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम रखा गया है।

Mojtaba Khamenei- India TV Hindi
इन लोगों के खिलाफ हुई इनाम की घोषणा Image Source : X/@RFJ_USA

वाशिंगटन: इजरायल और अमेरिका मिलकर ईरान के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इस बीच अमेरिका ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई और ईरान के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ इनाम का ऐलान किया है। 

कितने रुपए का है इनाम?

अमेरिका ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़े कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर (92,60,48,500 रुपए) तक का इनाम देने की घोषणा की है। 

यह प्रस्ताव शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग के 'रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस' कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक किया गया है, जिसका संचालन राजनयिक सुरक्षा सेवा द्वारा किया जाता है।

Rewards for Justice ने एक्स पर पोस्ट जारी कर कहा, "क्या आपके पास इन ईरानी आतंकवादी नेताओं के बारे में कोई जानकारी है? हमें सूचना भेजें। इससे आप इनाम और पुनर्वास के पात्र बन सकते हैं।"

जिन ईरानी नेताओं के खिलाफ इनाम की घोषणा हुई है, उसमें मुख्य रूप से सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई, सर्वोच्च नेता के कार्यालय के उप चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी और ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी शामिल हैं। अमेरिका ने कुछ लोगों की फोटो भी जारी की है। 

गौरतलब है कि अमेरिका, ईरान के खिलाफ कार्रवाई करने में बिल्कुल भी ढील नहीं दे रहा है। वह ईरान के खिलाफ अपने हवाई हमले तेज कर रहा है। हालही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि आने वाले समय में अमेरिकी सेना ईरान के ठिकानों पर कड़े हमले करेगी। 

बता दें कि इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर जब हमला किया था तो उसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस घटना से पूरे ईरान में हड़कंप मच गया था और ये चर्चा तेज हो गई थी कि ईरान की कमान अब कौन संभालेगा। 

अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर बनाया गया है। मुज्तबा भी फिलहाल पीछे हटने को तैयार नहीं हैं, इसलिए अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध जारी है और हवाई हमलों से अब तक काफी जन-धन की हानि हो चुकी है। मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश