1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. US_China Summit के कुछ घंटे बाद ही बदल गए बाइडेन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को बताया "तानाशाह"

US_China Summit के कुछ घंटे बाद ही बदल गए बाइडेन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को बताया "तानाशाह"

 Published : Nov 16, 2023 02:54 pm IST,  Updated : Nov 16, 2023 02:54 pm IST

अमेरिका-चीन के बीच हुई द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता के महज कुछ घंटे बाद ही दोनों देशों के रिश्तों में फिर से कड़वाहट के संकेत मिलने लगे हैं। हालांकि शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसे बहुत ही सकारात्मक कहा था। मगर अब बाइडेन ने जिनपिंग को तानाशाह करार दिया है।

जो बाइडेन, अमेरिकी राष्ट्रपति। - India TV Hindi
जो बाइडेन, अमेरिकी राष्ट्रपति। Image Source : AP

अमेरिका-चीन सम्मेलन के कुछ घंटे बाद ही राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर बड़ा हमला बोला है। इससे एक दिन पहले ही अमेरिका-चीन के बीच संबंधों को सुधारने के लिए 15 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को में राष्ट्रपति स्तरीय वार्ता हुई थी। इस द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता में बाइडेन और जिनिपंग ने कई वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की थी। साथ ही चीन और अमेरिका के तनावपूर्ण रिश्तों में जमी बर्फ को भी पिघलाने का प्रयास किया था। बैठक के बाद भी बाइडेन ने जिनपिंग के साथ हुई वार्ता को दोनों देशों के लिए सकारात्मक बताया था। मगर अब कुछ घंटे बाद ही बाइडेन का रुख फिर बदल गया है। 
 
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बार फिर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को ‘‘तानाशाह’’ करार दिया। जबकि दोनों नेताओं ने सैन फ्रांसिस्को में एक दिन पहले ही एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन (एपीईसी) से इतर मुलाकात की थी। बाइडन ने इस वर्ष की शुरुआत में भी शी के बारे में ऐसा ही बयान दिया था। इस बारे में याद दिलाए जाने पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ देखिए वह हैं (तानाशाह) ।’’ बाइडन ने कहा, ‘‘ मेरा मतलब है कि वह इस मायने में तानाशाह हैं कि वह ऐसे देश का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति हैं जो कम्युनिस्ट देश है और जो ऐसी सरकार से चलता है जो हमसे एकदम अलग है।’’ उन्होंने चार घंटे की बैठक के बारे में कहा ‘‘ हमने प्रगति की है’’।

चीन के साथ फिर बिगड़ सकती है बात

बाइडेन के इस बयान के बाद चीन के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता के बावजूद संबंध सुधरने के बजाय फिर से बिगड़ सकते हैं। वर्ष 2022 में भी दोनों नेताओं ने नवंबर में इंडोनेशिया के बाली में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर आमने-सामने की मुलाकात की थी। बाइडेन ने इससे पहले कैलिफोर्निया में जून में चंदा इकट्ठा करने के एक कार्यक्रम के दौरान शी (70) की तुलना तानाशाहों से की थी। बाइडेन फरवरी में अमेरिकी हवाई क्षेत्र में अमेरिकी लड़ाकू विमानों द्वारा चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराने पर शी की प्रतिक्रिया पर चर्चा कर रहे थे। हालांकि तब चीन के अधिकारियों ने बाइडन के उस बयान को बकवास और उकसावे वाला करार दिया था। अब बाइडन ने फिर उसी प्रकार का बयान दिया है जिससे चीन पुन: आक्रोशित हो सकता है। ​ (भाषा) 
यह भी पढ़ें
चीन के कोयला खदान कंपनी की इमारत में लगी भीषण आग, 25 लोगों की जलकर मौत

Explainer: वैश्विक तनावों के बीच बाइडेन और शी जिनपिंग की रणनीतिक द्विपक्षीय वार्ता का क्या रहा नतीजा?...इन 7 अहम निष्कर्षों से समझें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश