1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन के खिलाफ खोला मोर्चा, दिए जांच के आदेश; जानें पूरा मामला

डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन के खिलाफ खोला मोर्चा, दिए जांच के आदेश; जानें पूरा मामला

 Published : Jun 05, 2025 02:17 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 02:17 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। यह आदेश बाइडेन द्वारा माफी देने और अन्य अहम दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षर के संबंध में दिया गया है।

 डोनाल्ड ट्रंप (R) जो बाइडेन (L)- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप (R) जो बाइडेन (L) Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्षमादान देने और अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा ‘ऑटोपेन’ का इस्तेमाल किए जाने की जांच करने का आदेश दिया है। इसके अलावा अमेरिकी संसद के निचले सदन-प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने भी बाइडेन के करीबी सदस्यों से पूछताछ का अनुरोध किया है। 

क्या है ऑटोपेन?

‘ऑटोपेन’ एक यांत्रिक उपकरण है जिसका उपयोग किसी व्यक्ति के प्रामाणिक हस्ताक्षर की नकल करने के लिए किया जाता है और अमेरिका के राष्ट्रपति दशकों से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रंप ने आरोप लगाया है कि बाइडेन की कुछ कार्रवाइयां अमान्य थीं और उनके सहयोगियों ने राष्ट्रपति के अधिकार का दुरुपयोग किया जिससे बाइडेन की ‘‘सोचने-समझने की शक्ति कमजोर’’ होने की बात को छिपाया जा सके। 

 डोनाल्ड ट्रंप (R) जो बाइडेन (L)
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप (R) जो बाइडेन (L)

ट्रंप ने किसे सौंपा जांच का जिम्मा?

ट्रंप ने एक ज्ञापन में लिखा, ‘‘यह साजिश अमेरिकी इतिहास के सबसे खतरनाक और चिंताजनक घोटालों में से एक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी जनता से जानबूझकर यह छिपाया गया कि कार्यकारी शक्ति किसके पास है और बाइडेन के हस्ताक्षर का इस्तेमाल हजारों दस्तावेजों पर किया गया ताकि बड़े नीतिगत बदलाव किए जा सकें।’’ ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी और अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के वकील डेविड वॉरिंगटन को इस जांच का जिम्मा सौंपा है। 

कौन ले रहा था फैसले?

इस बीच, अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की मुख्य जांच समिति ‘हाउस ओवरसाइट कमेटी’ के अध्यक्ष एवं रिपब्लिकन नेता जेम्स कॉमर ने आरोप लगाया कि सहयोगी बाइडेन की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को छिपाने की कोशिश में शामिल थे जो ‘‘हमारे देश के इतिहास के सबसे बड़े घोटालों में से एक’’ है। कॉमर ने एक बयान में कहा, ‘‘ये पांच पूर्व वरिष्ठ सलाहकार पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन की स्थिति और उनके कार्यकाल में ‘व्हाइट हाउस’ के भीतर चल रही गतिविधियों के प्रत्यक्षदर्शी थे। उन्हें ‘हाउस ओवरसाइट कमेटी’ के सामने पेश होना चाहिए और पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन की सोचने-समझने की शक्ति के बारे में सच्चाई से जवाब देना चाहिए। यह भी बताना चाहिए कि फैसले कौन ले रहा था।’’ (भाषा)

यह भी पढ़ें:

ट्रंप से बातचीत के कुछ घंटे बाद ही रूस ने यूक्रेन पर किए घातक हमले, मचा दी तबाही

हार्वर्ड में पढ़ना चाहते हैं तो उससे पहले पढ़ लें ट्रंप का नया आदेश, जानें अब अमेरिकी सरकार ने क्या किया

न्यूजीलैंड की महिला सांसद ने पार्लियामेंट में दिखा दी अपनी ही AI जनरेटेड न्यूड फोटो, इसके पीछे का कारण जान लीजिए

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश