1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'बर्बाद हो चुकी है ईरान की आर्मी और नेवी, नेता भी खत्म', जंग को लेकर ट्रंप ने किए कई बड़े-बड़े दावे

'बर्बाद हो चुकी है ईरान की आर्मी और नेवी, नेता भी खत्म', जंग को लेकर ट्रंप ने किए कई बड़े-बड़े दावे

 Published : Mar 07, 2026 07:10 am IST,  Updated : Mar 07, 2026 07:11 am IST

Donald Trump on Iran Attack: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हुए अमेरिकी सैन्य हमलों की जोरदार तारीफ की है। उनका दावा है कि ईरान की आर्मी, नेवी, एयरफोर्स और कम्युनिकेशन सिस्टम तबाह हो चुके हैं। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका की कार्रवाई से देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है।

Donald Trump Iran attack, Iran Israel War, US Iran conflict, Iran army destroyed- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हमलों के बाद ईरान बर्बाद हो चुका है। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी सैन्य हमलों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की आर्मी, नेवी और कम्यूनिकेशन सिस्टम बर्बाद हो चुके हैं। व्हाइट हाउस में कॉलेजिएट स्पोर्ट्स पर एक राउंड टेबल मीटिंग के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के कई बड़े नेता भी जंग में मारे गए हैं। ट्रंप ने कहा, 'ईरान में हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। किसी ने पूछा कि इसे 0 से 10 में से कितना स्कोर देंगे? मैंने कहा कि 12 से 15 दूंगा। उनकी सेना खत्म हो गई है। उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनका संचार व्यवस्था खत्म हो गई है। उनके नेता खत्म हो गए हैं।'

'ईरान के सभी 32 शिप समुद्र की तलहटी में'

ट्रंप ने आगे कहा, 'उनके दो सेट के नेता खत्म हो चुके हैं, अब वे तीसरे सेट पर आ गए हैं। उनकी एयर फोर्स मिटा दी गई है। सोचिए, उनके पास 32 शिप थे, अब सभी 32 समुद्र की तलहटी में हैं।' उन्होंने यूएस आर्मी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कई सालों में ईरान के हमले में मारे गए अमेरिकी लोगों का बदले में यह कार्रवाई की गई है। ट्रंप ने कहा, 'हमारी सेना कमाल कर रही है। ईरान में हालात काफी खराब थे और वहां के हैवान नेता बहुत सारे लोगों को मार रहे थे जिनमें हमारे भी काफी लोग थे। बम धमाकों में उनके हाथ-पैर उड़ रहे थे, चेहरा खराब हो रहा था। हमारे पास 2 विकल्प थे, या तो सालों तक ऐसे सहते रहें या कुछ करें। और हमने कुछ किया।'

'अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा इज्जत पा रहा है'

ट्रंप ने वेनेजुएला में पहले हुई सैन्य कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि अब अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा इज्जत पा रहा है। उन्होंने कहा, 'लोग हमारी सेना से बहुत प्रभावित हैं। वेनेजुएला में जो हुआ, अब जो हो रहा है, और इससे पहले बी-2 बॉम्बर्स से ईरान की न्यूक्लियर क्षमता को खत्म किया गया। मुझे लगता है कि अभी हम वह देश हैं जो पहले कभी इतना सम्मानित नहीं था।' बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई समेत कई बड़े नेताओं को मार गिराया था। इसके बाद ईरान ने जवाबी हमले में इजरायल और कई अरब देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश