1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर इजरायल पर भड़के ट्रंप, कहा- मैं खुश नहीं, अब सीरिया संभाले कमान

हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर इजरायल पर भड़के ट्रंप, कहा- मैं खुश नहीं, अब सीरिया संभाले कमान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 16, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 06:10 pm IST

हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ट्रंप ने कहा कि यह लड़ाई लंबा खिंच गया। इसमें बहुत सारे लोग मारे जा रहे हैं। सीरिया यह काम ज्यादा बेहतर तरीके से करेगा।

Donald trump- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हिजबुल्लाह के खिलाफ लड़ाई में इजरायल के तौर-तरीकों की आलोचना की है। फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा कि हिजबुल्लाह के खिलाफ लड़ाई की जिम्मेदारी सीरिया को लेनी चाहिए।

ट्रंप ने इजरायल के सैन्य एक्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच यह संघर्ष बहुत लंबा खिंच गया है। अमेरिकी प्रेसिडेंट ने कहा, "इजरायल बहुत लंबे समय से हिजबुल्लाह से लड़ रहा है और इसमें बहुत सारे लोग मारे जा रहे हैं। जब आप किसी को ढूंढ रहे हों, तो आपको हर बार पूरी अपार्टमेंट बिल्डिंग को गिराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन इमारतों में बहुत से लोग रहते हैं और मैं आपको बता सकता हूं कि वे सभी हिजबुल्लाह के सदस्य नहीं होते।"

ईरान के साथ डील पर असर

उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि इजरायल के इस रवैए से ईरान के साथ होने वाले बड़े समझौते पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। ट्रंप ने कहा, "मैं इस बात से खुश नहीं हूं कि इजरायल ने लेबनान और हिजबुल्लाह के मामले को कैसे संभाला। उन्हें यह काम तेजी से करना चाहिए था। यह मामला बस खिंचता ही जा रहा है। और जब ऐसा होता है, तो इससे उस बड़ी डील पर बुरा असर पड़ता है, और वह डील ईरान के साथ है।"

ट्रंप खासकर रविवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह पर हुए इजरायली हमले से नाराज दिखे, जो अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम शांति समझौते की घोषणा से ठीक दो घंटे पहले किया गया था।

सीरिया को सौंपना चाहते हैं जिम्मेदारी

डोनाल्ड ट्रंप ने सुझाव दिया कि सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, हिजबुल्लाह के खिलाफ इस लड़ाई को ज्यादा बेहतर और प्रभावी तरीके से संभाल सकते हैं। ट्रंप ने कहा, "मैंने इजरायल को सुझाव दिया है कि वे सीरिया को हिजबुल्लाह से निपटने दें। ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि वे यह काम ज्यादा बेहतर तरीके से करेंगे।"

ट्रंप ने सीरियाई राष्ट्रपति की तारीफ करते हुए कहा, "वे बहुत काबिल हैं और मेरे लिए वे बहुत अच्छे रहे हैं। मैंने उनसे जो कुछ भी मांगा, उन्होंने उन सभी चीजों की हिफाजत की है... और अगर इजरायल बाकी लोगों को मारे बिना यह काम नहीं कर सकता, तो वे यह काम कर देंगे। सीरिया यह काम कर देगा।"

ये भी पढ़ें-

VIDEO: अमेरिका के बाद अब रूस का बॉम्बर प्लेन हुआ क्रैश, साइबेरिया के जंगलों में जा गिरा विमान

US-Iran Deal: ईरान-अमेरिकी डील से नेतन्याहू नाराज, जानें क्यों कहा-युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश