1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'या तो हम समझौता करेंगे, या काम तमाम करेंगे', खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ईरान पर बोले ट्रंप

'या तो हम समझौता करेंगे, या काम तमाम करेंगे', खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ईरान पर बोले ट्रंप

 Published : Jul 07, 2026 07:08 am IST,  Updated : Jul 07, 2026 07:10 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो समझौता होगा या अमेरिका अपना काम खत्म करेगा। ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान की तरफ से भी कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।

Donald Trump, Iran News, Ayatollah Khamenei, US Iran Tensions- India TV Hindi
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप ने कहा कि या तो ईरान के साथ समझौता होगा, या फिर अमेरिका अपना अभियान पूरा करेगा। उन्होंने कहा, 'हम किसी भी तरह जीतेंगे। या तो हम समझौता करेंगे, या फिर काम खत्म करेंगे।' हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी पहली पसंद सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए समाधान निकालना है।

'जरूरत पड़ी तो हम एक घंटे के भीतर...'

ट्रंप ने कहा, 'मैं समझौता करना पसंद करूंगा, क्योंकि मैं 9.1 करोड़ लोगों को प्रभावित नहीं करना चाहता। लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो हम एक घंटे के भीतर ईरान के पुलों को नष्ट कर सकते हैं। हम उनकी एनर्जी सप्लाई और उनके बड़े-बड़े मॉडर्न पावर प्लांट्स को भी खत्म कर सकते हैं। उनके पास पहले बहुत पैसा था, लेकिन अब नहीं है। हमने उन्हें कोई पैसा नहीं दिया है।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे दावा किया कि अमेरिका चाहे तो कुछ ही घंटों में ईरान की पूरी बिजली व्यवस्था ठप कर सकता है। ट्रंप ने कहा,

'हम बीच दोपहर उनके सभी बिजली उत्पादन संयंत्रों को नष्ट कर सकते हैं। उनका हर प्लांट खत्म हो जाएगा और उन्हें यह बात अच्छी तरह पता है।'

'एक ही हमले में सबको खत्म कर सकते थे'

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले उन्होंने दावा किया था कि अगर अमेरिका चाहता, तो ईरान के बचे हुए शीर्ष नेतृत्व को 'एक ही हमले में खत्म कर सकता था।' यह टिप्पणी उन्होंने उस समय की थी, जब ईरान के वरिष्ठ अधिकारी पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार के दौरान एक साथ मौजूद थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में मौत हो गई थी। न्यूज वेबसाइट Axios को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था,

'वे सभी एक जगह मौजूद थे। एक ही हमले में हम सबको खत्म कर सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया, क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचता।'

'आपने केवल इत्र की एक शीशी तोड़ी है'

ट्रंप के इन बयानों पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को आर्मेनिया स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में अमेरिका और ट्रंप की आलोचना की। दूतावास ने कहा कि अमेरिका कभी भी खामेनेई की मौत से जुड़े दुख और भावनाओं को नहीं समझ सकता, क्योंकि

'उसके पास न सभ्यता है, न इतिहास और न ही सम्मान। लोगों की हत्या की जा सकती है, लेकिन विचारों की नहीं। तुमने अयातुल्ला खामेनेई को मार दिया, लेकिन वास्तव में तुमने केवल इत्र की एक शीशी तोड़ी है, जिसकी खुशबू अब हर जगह फैल गई है।'

कोम पहुंचा खामनेई का पार्थिव शरीर

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर कोम पहुंच गया है। ईरान के सरकारी टीवी चैनल IRIB ने हेलीकॉप्टर से कोम प्रांत की जमकरान मस्जिद के ऊपर पहुंचने का वीडियो भी प्रसारित किया। सरकारी मीडिया के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में खामेनेई का पार्थिव शरीर मौजूद था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतिम यात्रा मंगलवार को कोम में आगे बढ़ेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को धार्मिक अनुष्ठानों के लिए इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला ले जाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

ट्रंप की मनमानी! फीफा वर्ल्ड कप, नाटो, ब्रिक्स, ईरान.. ये है खुलेआम धमकियों का पूरा चिट्ठा

खामेनेई की शोकसभा में शामिल हुए ईरान के टॉप लीडर्स, नहीं दिखे सुप्रीम लीडर मोजतबा, गहराया सस्पेंस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश