1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. क्षेत्रीय विकास के लिए भारत-बहरीन के बीच और मजबूत होगी द्विपक्षीय साझेदारी, जयशंकर की अपने समकक्ष अब्दुल्लातिफ से हुई वार्ता

क्षेत्रीय विकास के लिए भारत-बहरीन के बीच और मजबूत होगी द्विपक्षीय साझेदारी, जयशंकर की अपने समकक्ष अब्दुल्लातिफ से हुई वार्ता

 Published : Nov 16, 2025 02:26 pm IST,  Updated : Nov 16, 2025 02:26 pm IST

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने न्यूयॉर्क दौरे के दौरान बहरीन के समकक्ष अब्दुल्लातिफ से द्विपक्षीय साझेदारी और व्यापार को मजबूत करने के मुद्दे पर वार्ता की है। दोनों नेताओं की बीच यह वार्ता फोन पर हुई है।

 एस जयशंकर, विदेश मंत्री। - India TV Hindi
एस जयशंकर, विदेश मंत्री। Image Source : PTI

न्यूयॉर्क: भारत और बहरीन क्षेत्रीय विकास के लिए अब और अधिक मजबूती से मिलकर काम करेंगे। इसे लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बहरीन के अपने समकक्ष अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल जायनी के साथ फोन पर बातचीत की है। जयशंकर ने एक्स पर बताया कि बहरीन और भारत के बीच ‘‘दीर्घकालिक बहुआयामी साझेदारी’’ को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर ने न्यूयॉर्क के दौरे के दौरान यह वार्ता की है।

जयशंकर ने किया ये पोस्ट

जयशंकर ने न्यूयॉर्क से ही अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘बहरीन के विदेश मंत्री डॉ.अब्दुलातिफ बिन राशिद अल जायनी से फोन पर बात करके अच्छा लगा।’’ दोनों मंत्रियों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। जयशंकर ने कहा, ‘‘दोनों देशों की दीर्घकालिक बहुआयामी साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही वर्तमान क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

भारत-बहरीन में महत्वाकांक्षी व्यापार

बता दें कि इससे पहले दोनों मंत्रियों ने इस महीने की शुरुआत में नई दिल्ली में व्यापक चर्चा के दौरान कहा था कि दोनों देश एक निवेश समझौते को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच गए हैं। उस वक्त भारत और बहरीन ने एक महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने दोहरा कराधान बचाव समझौता (डीटीएए) के लिए बातचीत शुरू करने को लेकर एक आम समझ विकसित करने पर भी सहमति व्यक्त की थी। अधिकारियों ने कहा था कि इससे दोहरे कराधान को खत्म करने, कर निश्चितता प्रदान करने और व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

भारत है बहरीन का टॉप-5 साझेदार

बहरीन और भारत के बीच पिछले कुछ वर्षों में समग्र द्विपक्षीय संबंधों में तेजी देखी गई है, 2024 और 2025 में दोनों पक्षों का व्यापार 1.64 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। इस खाड़ी देश में लगभग 3,32,000 भारतीय नागरिक रहते हैं, जो उस देश की कुल 15 लाख की आबादी का लगभग एक चौथाई हिस्सा हैं। भारत बहरीन के शीर्ष पांच व्यापारिक साझेदारों में से एक है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश