1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में भारत ने कर दी चीन की ऐसी धुलाई कि....बेशर्म ड्रैगन को मुंह छिपाना भी होगा मुश्किल

अमेरिका में भारत ने कर दी चीन की ऐसी धुलाई कि....बेशर्म ड्रैगन को मुंह छिपाना भी होगा मुश्किल

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 21, 2023 05:04 pm IST,  Updated : Jun 21, 2023 05:06 pm IST

भारत ने पाकिस्तानी आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने के प्रस्ताव पर अड़ंगा लगाने के लिए चीन को जमकर धोया है। भारत ने चीन का नाम लिए बगैर उसे तुच्छ तक कह डाला है। भारत ने कहा कि जहां सारे सुबूत और तथ्य मौजूद हों, उसे बिना कारण खारिज करना क्या दर्शाता है। यह तुच्छ भू-राजनीतिक हितों के कारण है।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग- India TV Hindi
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग Image Source : AP

पाकिस्तानी आतंकी लश्कर-ए-तैय्यबा के साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित होने से बचाने वाले चीन की भारत ने ऐसी धुलाई की है, जिसके बारे में वह सोच भी नहीं सकता। 26/11 मुंबई हमले के वांछित आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने के भारत और अमेरिका के प्रस्ताव में चीन ने अड़ंगा लगा दिया। इससे बिफरे हिंदुस्तान ने चीन को पूरी दुनिया के सामने बेनकाब कर डाला। भारत ने चीन  की इस हरकत के लिए बिना नाम लिए उसे तुच्छ होने का दर्जा तक दे डाला। इससे बेशर्म चीन को अपना मुंह छुपाना भी दुनिया के सामने मुश्किल हो रहा है।

न्यूयार्क में भारत के स्थायी मिशन के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को कड़े शब्दों में कहा कि यदि "तुच्छ भू-राजनीतिक हितों" के कारण आतंकवादियों पर प्रतिबंध लगाने के प्रयास विफल होते हैं, तो "आतंकवाद की इस चुनौती से ईमानदारी से लड़ने को लेकर हमारे पास सचमुच वास्तविक राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है।” गुप्ता ने संयुक्त राष्ट्र की आतंकवाद रोधी बैठक में कहा, “पहला और सबसे महत्वपूर्ण अंतर जिसे हम महसूस करते हैं, दोहरे मानकों से बचना और अच्छे आतंकवादियों बनाम बुरे आतंकवादियों की आत्म-विनाशकारी धारणा है। आतंकी कृत्य एक आतंकी कृत्य होता है, यह बात बिल्कुल स्पष्ट और सरल है। ऐसे कृत्य को किसी भी तरह से जायज ठहराए जाने को कतई स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले में वांछित है साजिद मीर

” गुप्ता ने कहा कि जवाबदेही और पारदर्शिता के इस युग में क्या बिना कोई कारण बताए साक्ष्य आधारित प्रस्तावों को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा, "ऐतिहासिक शहर न्यूयॉर्क में हुए 9/11 आतंकवादी बम विस्फोटों ने जहां वैश्विक आतंकवाद रोधी परिदृश्य को बदल दिया था, वहीं 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया था। भारत ने पाकिस्तान में रहने वाले लश्कर-ए-तैयबा नेता साजिद मीर को संयुक्त राष्ट्र से आतंकवादी घोषित कराए जाने में रोड़ा अटकाने के लिए चीन पर निशाना साधा और कहा कि यह आतंकवाद के अभिशाप से लड़ने के लिए वास्तविक राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी को दर्शाता है।

चीन ने मीर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की 1267 अल कायदा प्रतिबंध समिति के तहत वैश्विक आतंकवादी के रूप में काली सूची में डालने और उसकी संपत्ति जब्त करने, यात्रा प्रतिबंध और हथियार प्रतिबंध लगाने के लिए अमेरिका की ओर से पेश तथा भारत समर्थित प्रस्ताव पर मंगलवार को अड़ंगा लगा दिया। पाकिस्तान में मौजूद मीर 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों में शामिल होने के कारण वांछित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश