1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. India-US: भारत और अमेरिका होंगे दुनिया के बॉस, पीएम मोदी और ट्रंप की जोड़ी से बदलने लगा है "वर्ल्ड ऑर्डर"

India-US: भारत और अमेरिका होंगे दुनिया के बॉस, पीएम मोदी और ट्रंप की जोड़ी से बदलने लगा है "वर्ल्ड ऑर्डर"

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Feb 15, 2025 02:29 pm IST,  Updated : Feb 15, 2025 02:43 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की दोस्ती से दुनिया का "वर्ल्ड ऑर्डर" तेजी से बदलता दिख रहा है। भविष्य में होने वाले इस बदलाव से विश्व के अन्य देश भी प्रभावित होंगे l इस जोड़ी से चीन और पाकिस्तान जैसे देश सहमे हुए दिख रहे हैं l अब भारत और अमेरिका को दुनिया "नए बॉस" के रूप में देख रही है।

पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। - India TV Hindi
पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : X @NARENDRAMODI

वाशिंगटनः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुरानी दोस्ती जग जाहिर है। अब संयोग से दोनों नेता दुनिया के सबसे बड़े पुराने और सबसे विशाल लोकतंत्र के राष्ट्राध्यक्ष हैं। अमेरिका को पहले से ही दुनिया ग्लोबल लीडर मानती रही है। अब भारत नया और उभरता हुआ वर्ल्ड लीडर बना है। ऐसे में पीएम मोदी और ट्रंप की जोड़ी से "वर्ल्ड ऑर्डर" बदलता दिख रहा है।

इसका पहला असर रूस-यूक्रेन युद्ध के खात्मे के रूप में सामने आ सकता है। पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप दोनों ही नेता शांति के पक्षधर हैं और वह जल्द से जल्द इस जंग को खत्म करवाना चाहते हैं। इस बाबत पीएम मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलकर भी बातचीत कर चुके हैं और दोनों नेताओं को वार्ता की मेज पर लाने की पेशकश कर चुके हैं। मगर अभी तक अमेरिका यह नहीं चाहता था। मगर अब ट्रंप के राष्ट्रपति बनने से अमेरिका भी रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने का प्रयास शुरू कर चुका है। राष्ट्रपति ट्रंप भी पुतिन और जेलेंस्की से इस बारे में बात कर चुके हैं। पीएम मोदी और ट्रंप ने अपनी संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान भी रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने की प्रतिबद्धता जाहिर की है।

चीन और रूस को भी साथ लेकर चलेंगे भारत-अमेरिका

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली में स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार ट्रंप के राष्ट्रपति बनने का सबसे ज्यादा फायदा भारत को होगा। अमेरिका का पूरा साथ मिलने से भारत की स्थिति दुनिया में और अधिक मजबूत होगी। इसलिए अभी से पीएम मोदी और ट्रंप की जोड़ी अब दुनिया ने बॉस के रूप में देख रही है। हालांकि वह किसी से रार नहीं ठानना चाहते, बल्कि भारत-अमेरिका को मजबूत करने के साथ ही दुनिया की अन्य ताकतों को भी साथ लेकर चलना चाहते हैं। तभी हाल ही में संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान ट्रंप ने चीन और रूस को भी साथ लेकर चलने की बात कही। ट्रंप का कहना था कि भारत-अमेरिका दोस्त हैं। पीएम मोदी हमारे पुराने मित्र हैं। रूस और चीन भी दुनिया के बड़े खिलाड़ी हैं। इसलिए भारत-अमेरिका, रूस और चीन सब मिलकर साथ चल सकते हैं। यह भी वर्ल्ड ऑर्डर बदलने का संकेत है। 

दुनिया के हर विवादों को सुलझाने में भारत-अमेरिका की भूमिका होगी महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब पूरी दुनिया में अपनी ऐसी छवि बना चुका है, जिस पर हर देश भरोसा कर सकता है। आपस में दो दुश्मन देश भी पीएम मोदी की निष्पक्षता पर विश्वास करते हैं। रूस और यूक्रेन के अलावा इजरायल-फिलिस्तीन भी इसका उदाहरण है। रूस और यूक्रेन की तरह ही भारत के इजरायल और फिलिस्तीन दोनों ही देशों के साथ भी समान संबंध हैं। दुनिया के अन्य विवादित मामलों में विश्व भारत की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है। बात चाहे जलवायु परिवर्तन की हो, वैश्विक महामारी की हो या दुनिया में पैदा हुए खाद्य और ऊर्जा संकट का मामला हो, भारत हर मुद्दे पर दुनिया को समाधान देने की ताकत रख रहा है।

अब पीएम मोदी को ट्रंप का साथ मिलने से भारत की स्थिति दुनिया में और मजबूत हुई है। ऐसे में भारत और अमेरिका अब दुनिया के नए बॉस बन सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार दुनिया का वर्ल्ड ऑर्डर पीएम मोदी और ट्रंप की जोड़ी ने चेंज करना शुरू कर दिया है। आने वाले समय में इसके व्यापक असर देखने को मिलेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश