1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, एक अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार

अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, एक अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार

 Published : Jun 18, 2024 11:29 am IST,  Updated : Jun 18, 2024 11:29 am IST

अमेरिका के न्यूजर्सी में भारतीय मूल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक भारतवंशी युवक पर ही गोलीबारी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

us police- India TV Hindi
us police Image Source : FILE AP

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूजर्सी प्रांत में गोलीबारी की एक घटना में भारतीय मूल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिकारियों ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि गोलीबारी की इस घटना को कथित तौर पर भारतीय मूल के 19 वर्षीय एक युवक ने अंजाम दिया। काउंटी अभियोजक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गोलीबारी 12 जून को न्यूजर्सी के उत्तर-पूर्वी मिडलसेक्स काउंटी में हुई थी। 

महिलाओं को ले जाया गया अस्पताल 

गोलीबारी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने गोली लगने से घायल हुई दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, कार्टरेट की 29 वर्षीय जसवीर कौर को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरी पीड़ित 20 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जताया दुख 

न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर लिखा, "रूजवेल्ट एवेन्यू, कार्टरेट, न्यूजर्सी में हुई गोलीबारी में जसवीर कौर की दुखद मौत और गगनदीप कौर के घायल होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। @indiainnewyork मामले की आगे की कार्रवाई के लिए आरडब्ल्यूजे बरनबास हेल्थ और कार्टरेट पीडी के संपर्क में है।"

आरोपी गिरफ्तार 

सीबीएस न्यूज के अनुसार दूसरी पीड़ित महिला, जसवीर कौर की रिश्तेदार थी। पुलिस ने गोलीबारी के सिलसिले में गौरव गिल नाम के व्यक्ति को बाद में गिरफ्तार कर लिया। गोलीबारी के कारण का अब तक पता नहीं चल सका है। (भाषा) 

यह भी पढ़ें: 

उत्तर कोरिया के सैनिकों ने फिर की हिमाकत, भड़के दक्षिण कोरियाई जवानों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

निखिल गुप्ता ने अमेरिकी कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष, पन्नू की हत्या की साजिश रचने और सुपारी देने का है आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश