वॉशिंगटन: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के के स्विट्जरलैंड में दिए गए "हम पाकिस्तान से प्यार करते हैं" वाले बयान और इस्लामाबाद के लिए "प्यार" जताने वाले बयानों पर बवाल मचा है। दो रिपब्लिकन सीनेटरों ने जेडी वेंस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, कतर और पाकिस्तान के आतंकवादियों को पनाह देने के इतिहास को नहीं भूलना चाहिए। सीनेटर रिक स्कॉट ने सोमवार को एक्स (X) पर एक पोस्ट में कहा, "अब तक सभी को यह साफ हो जाना चाहिए कि हमारे असली दोस्त कौन हैं। कतर और पाकिस्तान का आतंकवादियों को पनाह देने का लंबा इतिहास रहा है, और अभी वे सार्थक शांति हासिल करने के बजाय ईरान के दशकों पुराने आतंकी अभियान को बढ़ावा देने में कहीं ज़्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं।"
फ्लोरिडा के सीनेटर ने क्या कहा?
जेडी वेंस पाकिस्तान और कतर के नेताओं के साथ ईरान के साथ शांति समझौते की तकनीकी बारीकियों पर बातचीत कर रहे थे, तभी उन्होंने ये बयान दिया। इसपर स्कॉट ने कहा, "अभी भी एक ऐसे व्यावहारिक समझौते की गुंजाइश है जिससे सभी को फायदा हो। हालांकि, सभी को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि ईरान के परमाणु हथियार बनाने की क्षमता हासिल करने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है।"
मोंटाना के सीनेटर ने क्या कहा?
मोंटाना के सीनेटर टिम शीही ने भी फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अल-कायदा नेता ओसामा बिन लादेन को पनाह देने में पाकिस्तान की भूमिका का ज़िक्र किया और कहा, "पाकिस्तान को लेकर हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसी पाकिस्तान ने एक दशक तक ओसामा बिन लादेन को छिपाकर रखा था और ISI के ज़रिए अयातुल्ला को फंड दिया था।"
उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान और कतर बातचीत की मेज पर हैं, तो अमेरिका को बातचीत में UAE, इज़राइल और सऊदी अरब को भी शामिल करना चाहिए। शीही ने कहा कि UAE, इज़राइल और सऊदी अरब मध्य पूर्व में अमेरिका के असली सहयोगी रहे हैं।
पाकिस्तान की भूमिका पर क्या उठे सवाल?
मोंटाना के सीनेटर ने यह भी कहा कि कतर दशकों से आतंकवादी संगठनों के लिए मनी लॉन्ड्रिंग कर रहा है। शीही ने कहा, "पाकिस्तानियों ने ISI के ज़रिए हमारे खिलाफ विद्रोह को फंड दिया और बिन लादेन को छिपाया। इसलिए यह मान लेना कि वे यहां निष्पक्ष मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे, मुझे सही नहीं लगता। मुझे लगता है कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम UAE और इज़राइल के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहें, क्योंकि चाहे कुछ भी हो, वे इस क्षेत्र में हमारे सबसे आगे रहने वाले सहयोगी होंगे।"
क्या कहा था जेडी वेंस ने?
बता दें कि हल्के-फुल्के अंदाज़ में, जेडी वेंस ने रविवार को कहा था कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर उनके दो "पसंदीदा" लोगों में से एक हैं। मैं यह कहूंगा कि जब से फील्ड मार्शल मुनीर ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री के साथ हमारा स्वागत किया है, तब से मैं मज़ाक में कहता रहा हूं कि मेरी ज़िंदगी में दो बहुत-बहुत महत्वपूर्ण लोग हैं, जिसमें से एक भारतीय और एक पाकिस्तानी हैं। जिसमें भारतीय तो मेरी पत्नी हैं, और दूसरे पाकिस्तानी फील्ड मार्शल मुनीर हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने मुनीर से किसी और के मुकाबले ज़्यादा बात की है।
ये भी पढ़ें:
मॉस्को में हुई 'काली बारिश', देखकर चौंके लोग, रूस का इनकार-ऐसा कैसे हो सकता है? जानें सच