1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में बोले राहुल गांधी- विपक्ष ‘ठीक से एकजुट हो’ तो भाजपा को हराया जा सकता है

अमेरिका में बोले राहुल गांधी- विपक्ष ‘ठीक से एकजुट हो’ तो भाजपा को हराया जा सकता है

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 31, 2023 02:20 pm IST,  Updated : May 31, 2023 02:54 pm IST

अमेरिका में राहुल ने कहाकि भारत जोड़ो यात्रा’, भारत को एकजुट करने के मकसद से गांधी के नेतृत्व में चलाया गया जन आंदोलन था। यात्रा सात सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू होकर 12 राज्यों से होते हुए 31 जनवरी 2023 को जम्मू-कश्मीर में समाप्त हुई। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि विपक्ष को एक साथ लाना महत्वपूर्ण है।

अमेरिका में राहुल गांधी, कांग्रेस नेता- India TV Hindi
अमेरिका में राहुल गांधी, कांग्रेस नेता Image Source : FILE

अमेरिका के सांताक्रुंज में राहुल गांधी ने आगामी आम चुनाव में विपक्षी एकजुटता के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रवासी भारतीयों की एक सभा को संबोधित करते हुए यहां कहा कि यदि विपक्ष ‘‘ठीक से एकजुट’’ हो जाए तो केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराया जा सकता है। राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस संबंध में काम कर रही है और ‘‘ इस पर सही दिशा में आगे बढ़ रही है।’’ सांताक्रूज में मंगलवार को कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के सिलिकॉन वैली कैंपस में एक कार्यक्रम में संचालक और दर्शकों के सवालों का जवाब देते हुए गांधी ने कहा कि भाजपा की ‘‘कमजोरियां’’ उन्हें साफ नजर आती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ एक राजनीतिक उद्यमी के रूप में, मैं स्पष्ट रूप से भाजपा की कमजोरियां को देख सकता हूं।

अगर विपक्ष ठीक से गठबंधन करता है तो भाजपा को हराया जा सकता है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘ अगर आप कर्नाटक चुनाव देखें तो सामान्य समझ यह है कि कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को टक्कर दी और उसे हराया, लेकिन जो बात अच्छी तरह से नहीं समझी गयी वह, वो तरीका है जिनका हमने इस्तेमाल किया।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से अलग दृष्टिकोण अपनाया, कर्नाटक में जीत की नींव ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए रखी गई। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में, कांग्रेस ने 135 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमशः 66 और 19 सीट पर जीत हासिल की थी।

राहुल ने कहा कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से 10 गुना ज्यादा खर्च किया

राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के मुकाबले 10 गुना ज्यादा धन खर्च किया था। उन्होंने कहा कि देश को 2024 के आम चुनाव में एकजुट विपक्ष के अलावा, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए एक वैकल्पिक दृष्टिकोण की भी जरूरत है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जहां तक विपक्षी एकता की बात है, हम इस दिशा में काम कर रहे हैं और यह सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी एकता से कहीं ज्यादा की जरूरत है। मेरी राय में सिर्फ विपक्ष की एकता काम करने के लिए काफी नहीं होगी। मुझे लगता है कि आपको भाजपा के लिए एक वैकल्पिक दृष्टिकोण की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस तरह का दृष्टिकोण बनाने की दिशा में पहला कदम था। यह वह दृष्टिकोण है जिससे सभी विपक्षी दल जुड़े हैं। कोई भी विपक्षी दल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के विचार से असहमत नहीं होगा।’’

भारत वह नहीं जो मीडिया दिखा रहा

गांधी ने कहा कि भारत वह नहीं है जो मीडिया में दिखाया जा रहा है, जो एक ऐसे राजनीतिक विमर्श को बढ़ावा देना पसंद करता है जो वास्तविकता से बहुत दूर है। उन्होंने कहा कि चीजों को ‘‘ बहुत तोड़ा मरोड़ा जा रहा है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘ यात्रा में मेरे लिए यह बहुत स्पष्ट हो गया कि इन चीजों को दिखाना मीडिया के हित में है, इससे भाजपा को मदद मिलती है। इसलिए यह मत सोचिए कि मीडिया में आप जो कुछ भी देखते हैं वह सच है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ भारत वह नहीं है जो मीडिया दिखाता है। मीडिया को एक विशेष कहानी दिखाना पसंद है। वह एक ऐसी राजनीतिक कहानी को बढ़ावा देना पसंद करता है जिसका भारत की वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।’

’ कांग्रेस नेता अमेरिका के तीन शहरों की यात्रा के लिए मंगलवार को यहां पहुंचे। इस दौरान वह भारतीय प्रवासियों से बातचीत करने के साथ ही अमेरिकी सांसदों से मुलाकात करेंगे। ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने पिछले हफ्ते कहा था कि गांधी की यात्रा का मकसद ‘‘वास्तविक लोकतंत्र’’ के साझा मूल्यों और दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश