1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Russia Ukraine News: फिल्मों में अकेले जंग जीतने वाले इस हॉलीवुड एक्टर ने कहा- 'इस युद्ध को रोकें पुतिन'

Russia Ukraine News: फिल्मों में अकेले जंग जीतने वाले इस हॉलीवुड एक्टर ने कहा- 'इस युद्ध को रोकें पुतिन'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 18, 2022 10:13 am IST,  Updated : Mar 18, 2022 10:13 am IST

फिल्मों में वन मैन आर्मी की तरह लड़कर जंग जीतने वाले इस प्रसिद्ध हॉलीवुड एक्टर ने रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन से 'असल' युद्ध रोकने को कहा है। 

Arnold Schwarzenegger- India TV Hindi
Arnold Schwarzenegger Image Source : TWITTER

Highlights

  • पुतिन पर लगाया अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए रूसी सैनिकों के जीवन करने का आरोप
  • श्वार्जनेगर ने ट्विटर, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपना भावुक वीडियो पोस्ट किया
  • पुतिन से कहा-आपने यह युद्ध शुरू किया,आप इसे रोक सकते हैं

वाशिंगटन। फिल्मों में वन मैन आर्मी की तरह लड़कर जंग जीतने वाले इस प्रसिद्ध हॉलीवुड एक्टर ने रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन से 'असल' युद्ध रोकने को कहा है। हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड श्वार्जनेगर ने बृहस्पतिवार को रूस के लोगों से कहा कि उन्हें यूक्रेन में युद्ध के बारे में झूठ बोला जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए रूसी सैनिकों के जीवन को बलिदान करने का आरोप लगाया। 

श्वार्जनेगर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए नौ मिनट के एक वीडियो में कहा कि रूसी सैनिकों से कहा गया था कि वे यूक्रेन में नाजियों से लड़ेंगे, या यूक्रेन में जातीय रूसियों की रक्षा के लिए या सैन्य अभ्यास के लिए जा रहे हैं और उनका स्वागत नायकों की तरह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई सैनिकों को अब पता चला है कि ये दावे झूठे थे। उन्होंने कहा, ‘यह एक अवैध युद्ध है। आपके जीवन और आपके भविष्य का एक ऐसे मूर्खतापूर्ण युद्ध के लिए बलिदान किया जा रहा है, जिसकी पूरी दुनिया द्वारा निंदा की जा रही है।’

श्वार्जनेगर ने ट्विटर, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपना भावुक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने रूसियों से अपने साथी नागरिकों को ‘यूक्रेन में हो रही मानव तबाही’ के बारे में बताने के लिए कहा। वीडियो में यूक्रेन की उन इमारतों को दिखाया गया जिन पर बमबारी की गई है। साथ ही इसमें रूसी गोलाबारी की चपेट में आने वाले लोगों को दिखाया गया। उन्होंने इसके बाद सीधे पुतिन को संबोधित करते हुए कहा, “आपने यह युद्ध शुरू किया। आप इस युद्ध का नेतृत्व कर रहे हैं। आप इस युद्ध को रोक सकते हैं।’

गौरतलब है कि श्वार्जनेगर हॉलीवुड के वेटरन एक्टर हैं। वे दुनियाभर के जिम पसंद करने वाले लोगों के आईकॉन हैं। उन्होंने अपनी फिल्मों में वनमैन आर्मी बनकर कई जंग लड़ीं और दर्शकों का मनोरंजन किया। वे अमेरिका के कैलिफोर्निया स्टेट के गवर्नर भी रह चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश