1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Russia-Ukraine News: अमेरिकी राष्ट्रपति बायडेन ने कहा-यूक्रेन पर रूस के हमले की संभावना बरकरार, हमला हुआ तो निर्णायक जवाब देंगे

Russia-Ukraine News: अमेरिकी राष्ट्रपति बायडेन ने कहा-यूक्रेन पर रूस के हमले की संभावना बरकरार, हमला हुआ तो निर्णायक जवाब देंगे

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 16, 2022 10:02 am IST,  Updated : Feb 16, 2022 10:34 am IST

बायडेन ने रूस को यह चेतावनी भी दी है कि अगर रूस ने कोई भी ऐसा कदम उठाया तो वह उसके लिए आत्मघाती साबित होगा।

US President Joe Biden - India TV Hindi
US President Joe Biden  Image Source : AP

Highlights

  • हमला हुआ तो निर्णायक जवाब देंगे-अमेरिका
  • रूस के हमले की आशंका बनी हुई है-अमेरिका

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के हमले की संभावना अभी स्पष्ट तौर पर बनी हुई है। बायडेन ने रूस और यूक्रेन के बॉर्डर पर तनाव के बीच अपने रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन को यूरोप के दौरे पर भेजा है ताकि इस तनाव को खत्म करने की दिशा में अहम कदम उठाए जा सकें। साथ ही बायडेन ने रूस को यह चेतावनी भी दी है कि अगर रूस ने कोई भी ऐसा कदम उठाया तो वह उसके लिए आत्मघाती साबित होगा। अमेरिका और उसके सहयोगी जवाब में निर्णायक कदम उठाएंगे।

रूस ने सैन्य वापसी की बात कही लेकिन ब्योरा नहीं दिया

 हालांकि रूस ने मंगलवार को कहा कि सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहीं कुछ सैन्य टुकड़ियां अपने सैन्य अड्डे के लिए लौटने लगी हैं। लेकिन रूस ने वापसी का ब्योरा नहीं दिया है। इससे यह उम्मीद जगी है कि शायद रूस की योजना यूक्रेन पर हमला करने की न हो। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रूसी रक्षा मंत्रालय ने जिन सैन्य टुकड़ियों के लौटने की बात कही है, वे कहां से लौट रही हैं और उनकी संख्या कितनी है। 

हमले की ‘निर्णायक’’ प्रतिक्रिया देंगे-बायडेन
बायडेन ने मॉस्को को आगाह किया कि अमेरिका और उसके सहयोगी देश ‘‘निर्णायक’’ रूप से प्रतिक्रिया देंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस मुद्दे को हल करने के लिए कूटनीतिक तरीके से बातचीत के लिए अब भी तैयार हैं। उसने कहा कि रूस के 1,50,000 से अधिक सैनिक अब भी यूक्रेन सीमा पर एकत्रित हैं। क्रेमलिन ने यूक्रेन पर हमला करने की योजना से बार-बार इनकार किया है, लेकिन मांग की है कि नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) यूक्रेन और अन्य पूर्व सोवियत देशों को अपने सदस्यों के तौर पर शामिल न करें। 

आक्रमण की आशंका अब भी बनी हुई है-बायडेन
बायडेन ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, ‘‘आक्रमण की आशंका अब भी बनी हुई है, इसलिए मैंने कई बार कहा है कि सभी अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित लौटने में देर करने से पहले यूक्रेन छोड़ देना चाहिए। हमने अपना दूतावास अस्थायी रूप से कीव से लीव स्थानांतरित कर दिया है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘द्वितीय विश्वयुद्ध की आवश्यकता थी, लेकिन अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो यह मर्जी से किया गया युद्ध या बिना वजह का युद्ध होगा। मैं उकसावे के लिए नहीं, बल्कि सच बोलने के लिए ये चीजें कहता हूं क्योंकि सच, जवाबदेही मायने रखती है। अगर रूस आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में हमला करता है तो यूक्रेन के लिए मानवीय क्षति बहुत ज्यादा होगी।’’ 

यूक्रेन पर हमला करना खुद को चोट पहुंचाने वाला साबित होगा-बायडेन
उन्होंने कहा, ‘‘अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो पूरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसकी निंदा करेगा। दुनिया यह नहीं भूलेगी कि रूस ने बिना वजह मौत और बर्बादी चुनी। यूक्रेन पर हमला करना खुद को चोट पहुंचाने वाला साबित होगा। अमेरिका और हमारे सहयोगी निर्णायक रूप से प्रतिक्रिया देंगे।’’ बायडेन ने कहा कि अमेरिका और नाटो रूस के लिए खतरा नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन रूस को धमका नहीं रहा है। न ही अमेरिका और न ही नाटो के पास यूक्रेन में मिसाइलें हैं। हमारी वहां मिसाइलें तैनात करने की योजना भी नहीं है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन में अमेरिकी सैनिकों को भेजने से भी इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यूक्रेन में लड़ाई के लिए अमेरिकी सैनिकों को नहीं भेजूंगा। हमने यूक्रेन की सेना को उनकी रक्षा करने में मदद करने के लिए उपकरण भेजे हैं। हमने उन्हें प्रशिक्षण और परामर्श दिया है। अमेरिका पूरी ताकत के साथ नाटो क्षेत्र की एक-एक इंच जमीन की रक्षा करेगा।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश