1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ रहे भारतवंशी रामास्वामी को जान से मारने की धमकी,आरोपी गिरफ्तार

अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ रहे भारतवंशी रामास्वामी को जान से मारने की धमकी,आरोपी गिरफ्तार

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 12, 2023 11:13 am IST,  Updated : Dec 12, 2023 11:13 am IST

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवार भारतवंशी रामास्वामी को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी की पहचान टायलर एंडरसन के रूप में हुई है।

भारतवंशी रामास्वामी- India TV Hindi
भारतवंशी रामास्वामी Image Source : AP

America News: अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहे भारतीय मूल के प्रत्याशी रामास्वामी को जान से मारने की धमकी मिली है। इस धमकी को देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान टायलर एंडरसन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 30 साल की बताई जा रही है। यूएस के न्याय विभाग के अनुसार आगामी कार्यक्रम के लिए एंडरसन ने दो हैरान करने वाला संदेश जारी किया था। आरोपी ने अपने पहले संदेश में कहा, 'बढ़िया, मेरे लिए उम्मीदवार के दिमाग को उड़ाने का अच्छा मौका है।' अपने दूसरे संदेश में उसने कहा, 'मैं इसमें शामिल होने वाले सभी लोगों को मार डालूंगा।' रामास्वामी की टीम ने इस धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस को इसकी जानकारी दी।

रामास्वामी ने एजेंसियों का आभार जताया

एंडरसन की गिरफ्तारी के बाद रामास्वामी ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मैं उस टीम का आभारी हूं, जो हमारे आसपास है। मुझे सुरक्षित रखने के लिए वह अपना काम कर रहे हैं।' इस मामले में एंडरसन को पांच साल की जेल, तीन साल की निगरानी में रिहाई और करीब 250,000 डॉलर तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। 

कौन हैं विवेक रामास्वामी?

विवेक रामास्वामी भारतीय मूल के अमेरिकी और तकनीकी उद्यमी हैं। वह वर्तमान में रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य हैं और राष्ट्रपति चुनाव में दावा ठोक रहे हैं। रामास्वामी को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव का सबसे युवा उम्मीदवार भी बताया जा रहा है। 37 वर्षीय रामास्वामी के माता-पिता भारत के केरल राज्य से संयुक्त राज्य अमेरिका गए थे। 

एलन मस्क भी प्रभावित

दिग्गज कारोबारी और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क भी रामास्वामी से काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मस्क ने एक ही दिन में दो बार रामास्वामी की तारीफ की है। मस्क ने अपने एक पोस्ट में रामास्वामी को राष्ट्रपति चुनाव के लिए काफी होनहार उम्मीदवार बताया है। वहीं, एक और पोस्ट में मस्क ने कहा कि रामास्वामी अपने विचारों को स्पष्ट रूप से बताते हैं। 

क्या बन पाएंगे राष्ट्रपति?

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से डोनाल्ड ट्रंप अभी सबसे आगे चल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों की दूसरी पसंद रोन डेसेंटिस और तीसरी पसंद विवेक रामास्वामी हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त अपने ऊपर लगे मुकदमों से जूझ रहे हैं। अगर ऐसा सच में होता है तो रोन डेसेंटिस और रामास्वामी के बीच राष्ट्रपति चुनाव की रेस काफी शानदार हो सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश